महिला कांग्रेस ने घड़ी चौक में जमकर विरोध प्रदर्शन करने के बाद पुतला दहन किया

अंबिकापुर। राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने महिला कांग्रेस के नेतृत्व में घड़ी चौक पर बलात्कारियों का स्वागत करने वाले व्यक्ति को देश का शिक्षा मंत्री बनाने और भाजपा सांसद कंगना राणावत द्वारा जेन-जेड युवतियों पर की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन करके पुतला दहन किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि, गुजरात दंगों के दौरान गर्भवती बिलकिस बानो के साथ सामूहिक दुष्कर्म और उनके स्वजन की हत्या करने वाले अपराधियों की 2022 में रिहाई हुई थी। उस समय नए-नए केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने फूल-मालाओं से इन अपराधियों का स्वागत किया था। ऐसे स्याह अतीत वाले व्यक्ति को शिक्षा मंत्रालय जैसा संवेदनशील विभाग सौंपना देश की बेटियों और शिक्षा व्यवस्था का अपमान है। वहीं भाजपा सांसद कंगना राणावत ने छात्र आंदोलन से जुड़ी जेन-जेड युवतियों को ‘गटरÓ कहकर संबोधित किया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि जेन-जेड की भाषा पर सवाल उठाने वाले भाजपा वही काट रहे हैं, जो उन्होंने पिछले 12 साल में बोया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सत्ता में आने के बाद स्वयं मोदी सहित भाजपा के छोटे-बड़े नेता और सोशल मीडिया पर मौजूद समर्थकों ने विरोधियों के लिए जिस भाषा शैली का इस्तेमाल किया, आज उसी में पलटवार हो रहा है। हालांकि, सार्वजनिक जीवन में ऐसे संवाद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। प्रदर्शन में मधु दीक्षित, संध्या रवानी, गीता प्रजापति, मालती सिंह, जेनेबिब कुजूर, मेघा खांडेकर, रूही गजाला, गीता रजक, नुजहत फातिमा, चंचला, उर्मिला कुशवाहा, सरला राय, उर्मिला विश्वास, शालिनी नंदा, ममता सिंह, साधना कश्यप सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, मोर्चा संगठन के प्रमुख और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
महिलाओं से सार्वजनिक माफी मांगें
सरगुजा जिला महिला कांग्रेस शहर की जिलाध्यक्ष सीमा सोनी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी से मांग की, उन्हें अपने अतीत के उस काले कारनामे के लिए देश की महिलाओं से सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने भाजपा सांसद कंगना राणावत को ‘मानसिक दरिद्रÓ बताते हुए कहा कि कंगना या तो स्वयं इस्तीफा दें, या भाजपा ऐसे मानसिक रूप से बीमार सांसद से इस्तीफा ले। महिला कांग्रेस नेत्री ने कहा कि, जब तक शिक्षा मंत्री माफी नहीं मांगते और भाजपा सांसद पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक विरोध जारी रहेगा।

Spread the love