मामला बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल का, अभिभावक बोले-ये कैसी शिक्षा..?

अंबिकापुर। निजी स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई और अनुशासन के नाम पर हो रही ज्यादती का बड़ा मामला सामने आया है। शहर से लगे ग्राम सरगवां स्थित ‘बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूलÓ की एक शिक्षिका ने 8वीं कक्षा के छात्र को सजा के तौर पर हिंदी और इंग्लिश में 200 बार मां की गाली लिखवाई। यही नहीं, शिक्षिका ने जिस कॉपी में गाली लिखने कहा था, उसमें छात्र से अपने माता-पिता का हस्ताक्षर कराकर लाने के लिए कहा।
जानकारी के मुताबिक, 28 जुलाई को स्कूल में 8वीं के दो छात्रों के बीच कक्षा में मारपीट और गाली-गलौज जैसी घटना हुई थी। इस पर वहां पदस्थ शिक्षिका प्रेरणा ने एक छात्र को सजा सुनाई। शिक्षिका ने छात्र से कहा कि वह 100 बार हिंदी में और 100 बार अंग्रेजी में मां की गाली लिखे। छात्र ने शिक्षिका के आदेश का पालन करते हुए कॉपी में हिंदी, इंग्लिश में 100-100 बार गाली लिखी। इसके बाद शिक्षिका ने कहा ‘यह कॉपी अपने माता-पिता को दिखाना और उनके हस्ताक्षर कराकर लाना। जब छात्र घर में जाकर यह कॉपी अपने माता-पिता को दिखाया तो परिवार के लोग हैरान रह गए।
छात्र के पिता ने इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा से की है। पिता का कहना है कि ‘अगर बच्चों ने गलती की थी तो शिक्षक का काम समझाना और सही रास्ता दिखाना होता है, लेकिन शिक्षिका ने बच्चे से 200 बार गाली लिखवाई, जिसे लिखते समय वह 200 बार गाली का उच्चारण भी किया होगा। उन्होंने सवाल उठाया है कि, अभिभावक बच्चों को स्कूल पढ़ने भेजते हैं या गाली सीखने? छात्र के पिता और छात्र संगठनों ने शिक्षिका के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सहायक संचालक को जांच का जिम्मा
इस मामले में डीईओ दिनेश झा ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने सहायक संचालक को जांच का जिम्मा सौंपा है। उन्होंने कहा है कि, यह काफी गंभीर बात है। बच्चों को इस तरह की सजा देना निहायत ही गलत है। ऐसा नहीं होना चाहिए। जांच प्रतिवेदन के आधार पर शिक्षिका के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सवाल निजी स्कूलों की जवाबदेही पर
बिरला ओपन माइंड जैसे बड़े निजी स्कूल ब्रांड में इस तरह की घटना से अभिभावकों में नाराजगी है। अभिभावकों का कहना है कि, महंगी फीस लेकर पढ़ाने वाले स्कूल यदि बच्चों को अनुशासन के नाम पर अपशब्द लिखवाएंगे तो बच्चों का मानसिक और नैतिक विकास कैसे होगा? फिलहाल प्रशासन की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।

Spread the love