निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं, भविष्य में और दुर्दशा बढ़ने की चिंत
बलरामपुर। झारखंड, बिहार सहित अन्य राज्यों को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-343 के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। रामानुजगंज से बलरामपुर के बड़कीमहरी तक सड़क निर्माण कार्य तेजी से जारी है। लोगों को उम्मीद थी कि, नई सड़क बनने से वर्षों पुरानी परेशानी दूर होगी, लेकिन निर्माण के कुछ ही समय बाद कई स्थानों पर सड़क धंसने और उखड़ने की शिकायतें सामने आने लगी हैं।
जिला मुख्यालय बलरामपुर में न्यू सर्किट हाउस से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक कई जगहों पर नई डामर सड़क धंसती और उखड़ती दिखाई दे रही है। सड़क पर गड्ढे बनने से स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि डामरीकरण हुए अभी एक माह भी पूरा नहीं हुआ और सड़क की स्थिति बिगड़ने लगी है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों का इस मार्ग से प्रतिदिन आवागमन होता है, बावजूद इसके सड़क में दिखाई दे रही खामियों की ओर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। नागरिकों का आरोप है कि यदि समय रहते गुणवत्ता की जांच नहीं की गई तो भविष्य में सड़क की स्थिति और खराब हो सकती है।
फिलहाल सड़क निर्माण कार्य अभी पूर्ण नहीं हुआ है, लेकिन शुरुआती दौर में ही सामने आई खामियों ने निर्माण एजेंसी और कार्य की गुणवत्ता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से सड़क की तकनीकी जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने की मांग की है।
बाक्स
सड़क का बेस कमजोर, ऊपरी परत चमकदार
छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष बसंत कुजूर ने कहा कि, एनएच-343 निर्माणाधीन सड़क का शुरुआत में ही जगह-जगह धंसना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। यह केवल तकनीकी खामी नहीं बल्कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर बड़ा सवाल खड़े करता है। जिस सड़क से प्रतिदिन जिले के कलेक्टर सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारी गुजरते हैं, उसी सड़क की बदहाली पर जिम्मेदारों का मौन रहना कई संदेहों को जन्म देता है। उन्होंने कहा हम यह मानते हैं कि सड़क का निर्माण कार्य अभी पूर्ण नहीं हुआ है, लेकिन शुरुआती चरण में ही सड़क के धंसने से निर्माण में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार की बू आ रही है। यदि सड़क के बेस में ही गड़बड़ी है, तो ऊपर की परत कितनी भी चमकदार क्यों न हो, वह ज्यादा दिनों तक टिक नहीं सकती। निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए।
बाक्स
जिम्मेदारों ने शिकायतों को गंभीरता से
जनपद सदस्य व अध्यक्ष ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी बलरामपुर समीर सिंह देव ने कहा कि अति के बाद क्षति यह कहावत अब एनएच-343 निर्माण कार्य पर सटीक बैठती नजर आ रही है। इस निर्माण कार्य को लेकर शुरू से ही लोगों ने एलाइनमेंट में बदलाव, मानकों की अनदेखी और गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए थे, आज उसी का परिणाम सामने आने लगा है। सड़क जगह-जगह धंसने और खराब होने की घटनाएं इस बात का संकेत है कि निर्माण में कहीं न कहीं भारी लापरवाही हुई है। जिम्मेदारों ने जनशिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया। ऐसे में करोड़ों की लागत से बन रही सड़क की गुणवत्ता सवालों के घेरे में है। यह केवल सड़क की क्षति नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और सरकारी धन की भी क्षति है। विकास के नाम पर लापरवाही और भ्रष्टाचार को स्वीकार नहीं किया जा सकता। नाली घरों से ऊंचा बन रहा है, आने वाले समय में जो स्थिति आज राजपुर शहर की है वैसा बलरामपुर में भी होने लगेगा। इसकी निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो यह जनता के साथ अन्याय होगा, और आने वाले समय में आंदोलन करने वे बाध्य होंगे।
बाक्स
धृतराष्ट्र बने अधिकारी घटिया निर्माण को दे रहे प्रश्रय
मण्डल अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रामचन्द्रपुर राजेन्द्र श्रीवास ने तीखा हमला करते हुए इसे सीधे-सीधे जनता के पैसों की लूट और शासन-प्रशासन की नाक के नीचे चल रहा खुला भ्रष्टाचार बताया। उन्होंने कहा, बेहद शर्मनाक है कि जिस सड़क से जिले के तमाम बड़े अधिकारी रोज गुजरते हैं, वह सड़क बनने के एक महीने के अंदर धंसने लगी है। अधिकारी धृतराष्ट्र बने हैं, या फिर घटिया निर्माण को जान-बूझकर संरक्षण दिया जा रहा है। करोड़ों रुपये की लागत से बन रहे राष्ट्रीय राजमार्ग-343 को पहली ही बारिश और शुरुआती आवागमन ने ही खोखला साबित कर दिया है। प्रशासन की यह खामोशी इशारा करती है कि दाल में कुछ काला नहीं बल्कि पूरी दाल ही काली है। हम इस तरह की लीपापोती को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। अगर विभाग ने तुरंत इस पूरे निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच नहीं कराई और दोषी इंजीनियरों व ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई नहीं की तो हम जनता को साथ लेकर सड़कों पर उतरेंगे। शासन-प्रशासन अपनी गहरी नींद से जागे, नहीं तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक उग्र आंदोलन के लिए तैयार है।
बाक्स
जनता को टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण विकास चाहिए
वरिष्ठ पत्रकार संजय गुप्ता ने कहा कि लंबे इंतज़ार के बाद बलरामपुर जिले में सड़क निर्माण का कार्य शुरू हुआ, लेकिन शुरुआत में ही गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। जिला मुख्यालय में बनी नई सड़क को अभी एक महीना भी नहीं हुआ और जगह-जगह छोटे-छोटे गड्ढे दिखाई देने लगे हैं। यही गड्ढे आगे चलकर बड़ी समस्या बनेंगे। सिर्फ सड़क ही नहीं, नालियों के निर्माण में भी मानकों की अनदेखी के आरोप लग रहे हैं। कांक्रीट कार्य में वाइब्रेटर मशीन का पर्याप्त उपयोग नहीं होने से निर्माण की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सरकारी धन से बनने वाले विकास कार्यों में यदि शुरुआत से ही गुणवत्ता से समझौता हो रहा है, तो यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि भ्रष्टाचार की आशंका को भी मजबूत करता है। लापरवाह और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। क्योंकि जनता को सिर्फ नई सड़क नहीं, टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण विकास चाहिए।

Spread the love