ऑर्गन डोनेशन समिति के लिये 4 प्रतिनिधि मनोनीत, इनमें 3 महिलाएं शामिल

अंबिकापुर। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा गठित 15 सदस्यीय राज्य स्तरीय ऑर्गन डोनेशन समिति में सरगुजा जिले के 4 आजीवन सदस्यों को महत्वपूर्ण दायित्व मिला है। आकांक्षा श्रीवास्तव को वाइस चेयरमैन, अंजुला गौतम मिश्रा, संध्या सिंह एवं आर्यन सिन्हा को राज्य स्तरीय सदस्य नामित किया गया है। विशेष बात यह है कि 4 में से 3 पदों पर महिलाएं हैं।
यह उपलब्धि रेड क्रॉस जिला शाखा के चेयरमैन अदित्येेश्वर शरण सिंह देव के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘रक्तदान महादान-अंगदान जीवनदानÓ अभियान का परिणाम है। रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय ऑर्गन डोनेशन समिति की प्रथम बैठक में इन विषयों को सरगुजा के प्रतिनिधियों द्वारा प्रमुखता से प्रस्तुत किया, जिस पर विस्तृत विचार-विमर्श उपरांत समिति ने सर्वसम्मति से महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया। बैठक उपरांत भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के चेयरमैन तोमन साहू के नेतृत्व में समिति के प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम रमेन डेका, राज्यपाल, छत्तीसगढ़ एवं अध्यक्ष भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी से राजभवन में शिष्टाचार भेंट करके उन्हें मांग-पत्र सौंपा। मांग में अंगदान-देहदान करने वालों को मरणोपरांत  ‘गार्ड ऑफ ऑनरÓ, 13 अगस्त विश्व अंगदान दिवस पर राज्य स्तरीय सम्मान समारोह जैसे प्रस्ताव शामिल हैं। राज्यपाल ने प्रस्तावों की सराहना करते हुये सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। चेयरमैन अदितेश्वर शरण सिंह देव ने कहा कि यह सम्मान सरगुजा के पूरे रेड क्रॉस परिवार और रक्तदाताओं की वर्षों की निष्ठा का सम्मान है।  

Spread the love