अंबिकापुर। बलरामपुर जिला के थाना सनावल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुर्लूडीह में सोते समय अज्ञात जीव के काटने से एक युवक की इलाज के दौरान अंबिकापुर के होलीक्रॉस अस्पताल में मौत हो गई।मृतक घटना के समय अपनी पत्नी और बच्चों के साथ एक कमरे में जमीन पर सो रहा था।
मृतक की पत्नी रजमतिया ने बताया कि, 14 जुलाई की रात करीब 12 बजे वह अपने पति अजय कुमार 36 वर्ष एवं 5 बच्चों के साथ एक ही कमरे में जमीन पर सो रही थी। रात में अचानक अजय कुमार हाथ-पैर पटकते हुए छटपटाने लगे। पूछने पर कहा कि कुछ काट दिया है। बिस्तर झाड़कर देखने पर कुछ नजर नहीं आया। कुछ देर बाद अजय बेहोश हो गया, जिससे कोहराम की स्थिति बन गई। शोर सुनकर आस-पड़ोस के लोग जमा हुए और सभी ने घायल को उपचार के लिए अंबिकापुर रवाना किया। उपचार के दौरान 16 जुलाई को चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण अज्ञात जीव के काटने से होना माना जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि मृत्यु सर्पदंश से हुई है, या किसी अन्य जीव के काटने से।

Spread the love