हेलमेट लगाये आरोपियों ने वारदात को दिया अंजाम, 2 आरोपी सीसीटीवी में कैद  

अंबिकापुर। शहर कोतवाली थाना व नगर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने दिन-दहाड़े जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ एक महिला अधिकारी चैन स्नैचिंग का शिकार हो गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस आरोपियों के तलाश में लगी है। हेलमेट पहने आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक, पूनम तिवारी जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय अंबिकापुर में सहायक संचालक के पद पर पदस्थ हैं। वे गुरूवार को रोजाना की भांति अपने कार्यालय से दोपहर के समय खाना खाने के लिये घर गई थीं। घर से वापस आने के बाद अपनी स्कूटी वाहन को कार्यालय के गेट के सामने खड़ा करके अंदर जाने को हुईं, इसी बीच हेलमेट पहने 2 बाइक सवार युवकों ने उनके गले से तीन तोला वजनी सोने का चेन झपट लिया और थाना चौक से होते महामाया चौक की ओर निकल गये। सोने के चेन की कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।  
महिला अधिकारी के शोर मचाने पर कार्यालय के अन्य अधिकारी-कर्मचारी बाहर निकले, इन्हें अधिकारी ने घटना की जानकारी दी। कोतवाली थाना और नगर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने हुई चैन स्नेचिंग की इस घटना से हड़कम्प की स्थिति बन गई। इसकी सूचना तत्काल कोतवाली थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शहर में नाकाबंदी करके सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया, और महिला अधिकारी से घटना की जानकारी ली।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर इन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। चेन स्नैचिंग की इस वारदात के बाद एक बार फिर स्नेचरों की सक्रियता सामने आई है। इसके पहले अप्रैल माह में शहर के सीतापुर क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन और लॉकेट झपट लिया था, वारदात सीसीटीवी में भी कैद हुई थी। अंबिकापुर में लम्बे समय बाद इस प्रकार की घटना सामने आई है।

Spread the love