अंबिकापुर। अत्यधिक ब्याज दर पर कर्ज देकर जान से मारने की धमकी देने से तंग आकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले में आरोपित पंकज चौधरी 50 वर्ष, निवासी राजेन्द्र वार्ड दर्रीपारा को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया है। मामले में डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस टीम को आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कराने के निर्देश दिए थे।
थाना कोतवाली पुलिस ने बताया कि, मृतक संदीप अग्रवाल ने सुसाइड नोट में लिखा था कि आरोपित पंकज चौधरी उससे ब्याज और मूल रकम मांगकर लगातार प्रताड़ित कर रहा था। पुलिस ने मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, बैंक ट्रांजेक्शन और गवाहों के बयान के आधार पर पाया कि पंकज चौधरी ने मृतक को कर्ज देकर जान से मारने की धमकी दी थी। इसी कारण वह आत्महत्या जैसा कदम उठाया। मृतक ने जीवित रहते हुए अपने पिता एवं पत्नी को भी इसकी जानकारी दी थी। सम्पूर्ण जांच पर पाया गया कि पंकज चौधरी के द्वारा मृतक संदीप अग्रवाल को अत्यधिक ब्याज दर पर रकम देकर, ब्याज व मूल वापस नहीं मिलने पर जान से मारने की धमकी देकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिस कारण वह आत्महत्या जैसा कदम उठाया है। मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने धारा 108, 351(3) बीएनएस एवं 4 कर्जा एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी से घटना में प्रयुक्त मोबाइल भी जप्त किया गया है। प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल के नेतृत्व में थाना कोतवाली से उप निरीक्षक केके यादव, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, आरक्षक मंटुलाल गुप्ता, शिव राजवाड़े सक्रिय रहे।

Spread the love