अंबिकापुर। थाना लखनपुर पुलिस ने चोरी के दो मामलों में 7 आरोपितों को पकड़ा है, इनमें से दो के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। इनके पास से 7 नग तिरपाल, 50 लीटर डीजल और 1 बैटरी जप्त की गई है। दूसरे मामले में पुलिस ने झाड़ियों से एक तिरपाल बरामद करके आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 15 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पुहपुटरा के कुछ लोग चोरी का सामान छिपाकर रखे हैं। सूचना पर थाना टीम ने ग्राम पुहपुटरा में दबिश दी। पूछताछ में अरविन्द पैकरा 23 वर्ष, फेकू राम 40 वर्ष, जितेन्द्र कुमार 24 वर्ष, सरजू रजक 24 वर्ष, बुधन राजवाड़े 25 वर्ष और मनोज राजवाड़े 24 वर्ष सभी निवासी ग्राम पुहपुटरा ने चोरी का सामान रखना स्वीकार किया। पुलिस ने सामान जप्त करके धारा 35(3), 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ धारा 35(3) बीएनएसएस का नोटिस देकर जांच शुरू की है। साथ ही 2 लोगों पर धारा 170/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर तहसीलदार के समक्ष पेश किया गया है। कार्रवाई में प्रशिक्षु उपनिरीक्षक हर्ष कुमार, एएसआई निर्मला कश्यप व परशु पैकरा, प्रधान आरक्षक प्रवीण चंद तिवारी, अजय पांडेय, पीताम्बर सिंह, महिला आरक्षक अमरावती राजवाड़े, आरक्षक दशरथ राजवाड़े, सुरेश गुप्ता, कुश सोनी, रामकुमार यादव सक्रिय रहे।
बाक्स

लखनपुर थाना पुलिस ने ट्रक से तिरपाल चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी से 7000 रुपये का एक नग वाटरप्रूफ तिरपाल बरामद किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, फिरोज खान निवासी गढ़वा झारखण्ड ने 6 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वह 4 जुलाई की रात को अमेरा खदान से कोयला लेकर जा रहा था। रास्ते में पुहपुटरा के बाडूल और अन्य युवकों ने मोटर सायकल से पीछा करके ट्रक से बंधा तिरपाल खोलकर चोरी कर लिया। कुछ दूर जाने के बाद ट्रक के पीछे तरफ से आवाज आने पर जब वह ट्रक को रोका तो गाड़ी में बंधा वाटरप्रूफ तिरपाल नहीं था। युवक तिरपाल लेकर मोटर सायकल से भाग रहे थे। आरोपी खदान में आना-जाना तथा ट्रकों में तिरपाल बांधने का काम करते हैं, इसलिये वह इनको पहचानता था।   पुलिस मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। 15 जुलाई को ग्रामीणों ने बाडूल उर्फ सर्वजीत उर्फ विवेक राजवाड़े पिता अमर साय 22 वर्ष, निवासी पुहपुटरा को संदिग्ध हालत में पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पूछताछ में उसने साथियों के साथ मिलकर तिरपाल चोरी करना स्वीकार किया। निशानदेही पर नवापारा रोड के पास झाड़ी से तिरपाल बरामद करने में पुलिस सफल हुई है। आरोपी ने बताया कि वह अन्य साथियों के साथ मिलकर खदान आने-जाने वाले ट्रकों से डीजल और सामान चोरी करके बेच देता था। प्रकरण में अन्य आरोपी फरार हैं। इन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में पुलिस लगी है।

Spread the love