अंबिकापुर। तहसील कार्यालय दरिमा में अर्जी लेखक के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो लोगों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है। मामला मकान निर्माण कराने और इसके नाम पर लिये गये धनराशि से जुड़ा है।
शहर के नमनाकला निवासी अर्जी लेखक विवेक सोनी पिता नन्दू प्रसाद सोनी 30 वर्ष ने पुलिस को बताया है कि सुमित अग्रवाल व पंकज गुप्ता ने स्वयं को अनुभवी एवं लाइसेंसधारी ठेकेदार बताते हुए उनका मकान बनाने का आश्वासन दिया था। इनके विश्वास में आकर उन्होंने फोन पे के माध्यम से 19 मई को सुमित अग्रवाल को 20 हजार रुपये, 23 मई को पंकज गुप्ता को 15 हजार एवं 5 हजार रुपये 30 मई को प्रदान किया। इसके बाद इन्होंने नाम मात्र का काम कराया और बिना किसी कारण के काम बंद कर दिया। कई बार बोलने एवं फोन करने पर भी इन्होंने कोई जवाब नहीं दिया न ही रकम वापस किया। इससे परेशान होकर वह 09 जुलाई की सुबह 10 बजे सुमित अग्रवाल के कार्यस्थल काबरा टाइल्स दुकान के मालिक से इसके द्वारा किये गए कृत्य के बारे में बताया। इसे लेकर 10 जुलाई को 11 बजे के लगभग पंकज गुप्ता ने फोन करके कहा कि सुमित अग्रवाल उनके घर में लेन-देन का हिसाब करने आ रहे हैं। इसके बाद सुबह करीब 11.30 बजे ये पहुंचे और गालीगलौज करते हुये दुकान मालिक से हुई बात का जिक्र करके मारपीट करने लगे। जब वह खुद को बचाकर किनारे जाने की कोशिश किया तो सुमित अग्रवाल घर में रखे फावड़ा को उठाकर मारने के लिये दौड़ाने लगा और पैसा खर्च होने की बात कहते हुये कहीं शिकायत करने पर जान से मार देने और किसी केस में फंसाने की धमकी दी। पुलिस आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज करके अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Spread the love