भैयाथान। झिलमिली थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित कुंवर पेट्रोल पंप को निशाना बना लिया। घटना सोमवार को देर रात की है। अज्ञात चोरों ने डीजल से भरे तेल टैंकर से करीब 200 लीटर तथा पास में खड़ी एक ट्रक से लगभग 200 लीटर डीजल चोरी करके फरार हो गए। इतना ही नहीं, चोरों ने उसी रात आसपास के कई घरों में भी चोरी का प्रयास किया।
जानकारी के मुताबिक, लखनपुर निवासी अनिल पाटिल के घर में खड़ी बाइक चोरी हो गई, वहीं हर्रापारा निवासी प्रतिपाल कुशवाहा के घर का ताला तोड़ा गया। हालांकि वहां से चोर कोई बड़ी चोरी नहीं कर सके और सब्जी लाने वाले प्लास्टिक का ट्रे छोड़कर चले गए। घर में बंधी बकरी को भी उन्होंने नहीं छुआ। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में पम्प के बिजली तार और ताले तोड़े जाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। थाने के नजदीक चोरी की इस घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

Spread the love