आईजी को ज्ञापन सौंपकर कलाकेन्द्र मैदान के आबंटन में भ्रष्टाचार, भि_ीकला जमीन घोटाले में एफआईआर और प्रशासनिक अधिकारी के साथ मारपीट के मामले में विधायक के गिरफ्तारी की मांग

अंबिकापुर। गंभीर अपराधों में संलिप्त भाजपाईयों को लेकर पुलिस के सुस्त रवैये के खिलाफ सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने भरी बरसात में थाना चौक से पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज के कार्यालय तक न्याय रैली निकाली और कानून का राज स्थापित करने की मांग का ज्ञापन आईजी को सौंपा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, पूर्व केबिनेट मंत्री अमरजीत भगत एवं निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस के महिला और पुरुष पदाधिकारी और कार्यकर्ता सत्ता शासन के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए रैली में शामिल हुए। कलाकेन्द्र मैदान के आबंटन में भ्रष्टाचार, भि_ीकला जमीन घोटाले में एफआईआर और शासकीय कर्मचारी के साथ मारपीट के मामले में सीतापुर विधायक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस ने न्याय यात्रा निकाली थी। आरोप है कि, सभी मामलों में भाजपा से जुड़े जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और समर्थक शामिल हैं, और इन सभी मामलों में कमोबेश पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरिक्षक दीपक कुमार झा से मुलाकात के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि भि_ीकला जमीन घोटाले में 16 जून को कलेक्टर ने 6 लोगों के विरुद्ध अपराध दर्ज करने के लिये तहसीलदार को निर्देशित किया था, जिस पर आजतक अपराध कायम नहीं हुआ है। अब सुनने में आ रहा है कि सत्ता शासन के दबाव में कलेक्टर सभी पक्षों को बैठाकर समझौता करा रहे हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि पूरे जिले में सत्ता संरक्षण में स्थानीय और बाहर से आये हुए जमीन दलालों ने आतंक मचा रखा है। भि_ीकला मामले में कठोर कार्रवाई कर पुलिस को नजीर पेश करना चाहिये। उन्होंने यह भी कहा कि अगर पुलिस भाजपाईयों से जुड़े मामलों में निष्पक्षता से कार्रवाई नहीं करेगी तो कांग्रेस, भाजपा के मुख्यमंत्री से लेकर मंत्रियों तक के सरगुजा आगमन दौरान उनका कठोर विरोध करेगी।
बाक्स
कर्मचारियों में देखने को मिल रहा दुष्प्रभाव: भगत
पूर्व केबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने प्रशासनिक अधिकारी के साथ मारपीट के मामले में विधायक रामकुमार टोप्पो की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने का मुद्दा आईजी के समक्ष उठाया। उन्होंने कहा कि इस घटना का दुष्प्रभाव सीतापुर क्षेत्र के शायकीय कर्मचारियों में देखने को मिल रहा है। ऐसे घटना की पुनरावृति की आशंका से कर्मचारियों कार्य करने से कतरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक एसडीएम के गवाही के बाद भी सुनियोजित ढंग से प्रशासनिक अधिकारी के साथ मारपीट करने वाले विधायक पर कार्रवाई नहीं होने से कानून-व्यवस्था की निष्पक्षता को लेकर लोगों के मन में संदेह व्याप्त है।
एसआईटी गठित करके मामले का करें निपटारा: शफी
कलाकेन्द्र मैदान के आबंटन में भ्रष्टाचार को लेकर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने आईजी से चर्चा के दौरान कहा कि इस मामले में स्वयं महापौर की शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होना बड़े प्रश्न खड़े करता है। उन्होंने कहा कि एक मीडिया संस्थान से बातचीत में तो भाजपा जिलाध्यक्ष ने यह स्वीकार कर लिया है वायरल ऑडियो में हुई बातचीत का वे हिस्सा हैं। ऐसे में पुलिस किस दबाव में है। उन्होंने इस मामले में एसआईटी गठित करके इसके त्वरित निपटारे की मांग भी की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपाईयों से जुड़े मामलों में सत्ता प्रशासन के दबाव में पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है लेकिन कांग्रेस इन मामलों को परिणाम तक पहुंचाने तक जुटे रहेगी।
अलग बाक्स
साक्ष्यों के साथ चर्चा के बाद कार्रवाई का मिला आश्वासन
भाजपाईयों से संबंधित इन आपराधिक मामलों में थाने से लेकर एसपी कार्यालय तक का दरवाजा खटखटाने के बाद कांग्रेस ने सभी मामलों के साक्ष्यों के साथ सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने ज्ञापन के साथ टेलीफोन वार्ता के वायरल ऑडियो के साथ ही न्यूज के उन क्लिप को भी पेश किया है, जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष के साथ ही महापौर भी कमोबेश इस वार्ता का हिस्सा होना स्वीकार कर रहे हैं। कांग्रेस ने एक ऐसा न्यूज क्लिप भी सौंपा, जिसमें लाइव प्रसारण के दौरान टेलिफोन के माध्यम से जुड़े अनुराग मिश्रा ने महापौर को 4 लाख रुपये की रिश्वत देने के साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष को 3 लाख रुपये और निगम कर्मचारियों को 1 लाख रुपये देने की पेशकश का जिक्र किया है। कांग्रेस ने भिट्टीकला जमीन घोटाले के मामले में कलेक्टर सरगुजा के पत्र की प्रतिलिपि भी आईजी को सौंपी जिसमें तहसीलदार को इस मामले में 6 लोगों के विरुद्ध अपराध दर्ज करने हेतु निर्देशित किया गया है। इसके साथ ही लखनपुर के चांदो क्षेत्र के मस्तराम मझवार नामक वृद्ध के साथ हुए जमीन धोखाधड़ी के मामले में उसकी ओर से थाने से लेकर पुलिस अधीक्षक तक को दिये गये आवेदन की प्रति सौंपी है। कांग्रेस नेताओं के साथ हुई चर्चा के बाद आईजी ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि इन मामलों में शीघ्र कार्रवाई की जायेगी।

Spread the love