कई ग्रामीणों के घर और बाउंड्री की दीवार को क्षतिग्रस्त किया

अंबिकापुर। शहर के नजदीक और घनी आबादी वाले क्षेत्र खैरबार सहित आस-पास के इलाके में 29 जून की रात को एक दंतैल हाथी के अचानक आ जाने से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। दंतैल हाथी के द्वारा कुछ ग्रामीणों के मकानों और बाउंड्री की दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया है, वहीं खेतों और बाड़ियों में लगी फसलों, केले के पेड़ों को भी रौंद दिया। घटना से ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। बारिश के मौसम में घर को नुकसान पहुंचाने से ग्रामीण भयभीत हैं।  
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की रात करीब 8-9 बजे के बीच दंतैल मछिन्दरपारा क्षेत्र में पहुंच गया। रात के अंधेरे में हाथी को आबादी के बीच देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। कई लोग घरों से बाहर निकल आए और टॉर्च की रोशनी में हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी प्रकार के जनहानि की सूचना नहीं मिली है। बताया जा रहा है कि जिस समय दंतैल गांव के करीब पहुंचा, उस समय घंटों बिजली भी गोल रही, जिससे और भी दहशत में लोग थे।
घरों की दीवार और बाउंड्री को तोड़ा
ग्रामीणों के अनुसार, मछिन्दरपारा से गुजरते समय हाथी ने रास्ते में आने वाली कुछ घरों की दीवार और बाउंड्री की दीवार को तोड़ दिया। इसके अलावा खेतों और बाड़ियों में लगी फसलों के साथ केले के पेड़ों को भी नुकसान पहुंचाया है। हाथी के रिहायशी क्षेत्र में पहुंचने से लोगों में पूरी रात भय का माहौल बना रहा।
सतर्क रहें, अनावश्यक घरों से नहीं निकलें
हाथी की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है, और बांकी डैम, कोरिमा और आसपास के गांवों के लोगों को सतर्क रहने तथा रात में अनावश्यक घरों से बाहर नहीं निकलने कहा है। आपातकालीन स्थिति में वन अमले को सूचित करने कहा गया है। मुनादी के माध्यम से भी ग्रामीणों को वन विभाग ने सतर्क किया है। वन अमला दंतैल के गतिविधियों पर नजर रख रहा है।

Spread the love