सुबह सूचना मिलने पर स्वजन ले गए अस्पताल, चिकित्सक ने मृत घोषित किया  

अंबिकापुर। शादी समारोह में गया युवक मोटरसायकल से अनियंत्रित होकर गिरने के बाद पूरी रात लावारिस हाल में पड़े रह गया। सुबह फोन से घटना की जानकारी मिलने पर स्वजन मौके पर पहुंचे और मिनी मालवाहक से अस्पताल ले गये, जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सकालो निवासी धीरज बरवा पिता दूजा बरवा 19 वर्ष के घर के बगल में रहने वाले परिवार के यहां से 28 जून को ग्राम सपना के लिये बारात रवाना हुई थी। धीरज अपने मोटरसायकल क्रमांक सीजी 14 एमआर 0233 से शाम को करीब 7-8 बजे अकेले ही बारात जाने के लिये निकला था। बताया जा रहा है कि सैनिक स्कूल के पीछे, मेंड्राकला के पास वह अनियंत्रित होकर गिर गया, और घायल अवस्था में पूरी रात पड़े रह गया। स्वजन युवक के घर नहीं लौटने से परेशान थे और बार-बार फोन लगा रहे थे, लेकिन जवाब नहीं कर रहा था। सोमवार को सुबह करीब 6 बजे एक व्यक्ति ने फोन करके युवक के पिता को एक्सीडेंट होने की जानकारी देते हुये घटनास्थल पर जल्दी पहुंचने के लिये कहा। मौके पर पहुंचे स्वजन मालवाहक में लेकर मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल पहुंचे, यहां आपातकालीन चिकित्सा परिसर में 29 जून को सुबह 8.25 बजे चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने स्वजन के सुपुर्द कर दिया है।
बाक्स
बाइकों की टक्कर में एक की मौत, साथी का चल रहा उपचार
बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिला के बसंतपुर महुआरीपारा का महंत जगते पिता कतवारी जगते 19 वर्ष, रविवार को घर से बिना बताये गांव के ही राजनाथ के साथ बच्छराज कुंवर धाम गया था। यहां से वापस लौटते समय बाइकों की टक्कर में दोनों घायल हो गये। इन्हें वाड्रफनगर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। इसकी जानकारी देर रात स्वजन को मोबाइल फोन पर मिली और वे अस्पताल पहुंचे। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों युवकों को रिफर करने पर स्वजन मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां इलाज के दौरान महंत जगते की मौत हो गई, राजनाथ का उपचार चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है।

Spread the love