503 युवाओं का अंतिम चयन, शेष अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया एक सप्ताह में होगी पूर्ण

अंबिकापुर। जिला प्रशासन सरगुजा एवं रोजगार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर के ऑडिटोरियम में संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 14 प्रतिष्ठित निजी नियोजक कंपनियों ने भाग लेते हुए विभिन्न क्षेत्रों के कुल 2370 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया संचालित की।
रोजगार मेले में सरगुजा संभाग के सभी जिलों से लगभग 2000 शिक्षित एवं प्रशिक्षित युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का अवसर प्राप्त किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लगभग 503 युवाओं का अंतिम चयन किया गया है, जबकि शेष अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया संबंधित नियोजक कंपनियों द्वारा जारी है, जिसे आगामी एक सप्ताह के भीतर पूर्ण किया जाएगा। इस दौरान मुख्य अतिथि संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज तथा वरिष्ठ पार्षद आलोक दुबे रहे। कलेक्टर अजीत वसंत ने भी रोजगार मेला में सहभागिता करते हुए युवाओं को अपने कौशल का सतत् विकास करने तथा उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
स्वागत उद्बोधन रोजगार अधिकारी ललित कुमार पटेल ने प्रस्तुत किया। उन्होंने रोजगार मेले की रूपरेखा एवं उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संभाग के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया है। कार्यक्रम के अंत में लाइवलीहुड कॉलेज अम्बिकापुर के प्राचार्य गिरीश गुप्ता ने सभी अतिथियों, नियोजक कंपनियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सुनील नायक, उप संचालक रोजगार एस.पी. त्रिपाठी, जिला रोजगार अधिकारियों में सूरजपुर से चारु चित्रा साय, बलरामपुर से दिवाकर टांडिया, जशपुर से दुर्गेश्वरी सिंह, शासकीय पॉलिटेक्निक अंबिकापुर के प्राचार्य आर.जे. पांडेय, जन शिक्षण संस्थान के निदेशक एम. सिद्दीकी, सहायक परियोजना अधिकारी अकरम खान, संभाग के सभी जिले के रोजगार विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा लाइवलीहुड कॉलेज के कर्मचारी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने बढ़ाया युवाओं का उत्साह
मुख्य अतिथि राजेश अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार युवाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे रोजगार मेले युवाओं और निजी उद्योगों के बीच प्रभावी सेतु का कार्य कर रहे हैं तथा प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कौशल, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ युवा अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं से रोजगार एवं कौशल विकास योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।

Spread the love