पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगा मौत के वास्तविक कारणों का पर्दाफास
फोटो-मेल में आरक्षक की मौत  
बलरामपुर। जिले के राजपुर थाना परिसर में स्थित एक कमरे में शनिवार को एक आरक्षक संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में मिला। रोजाना की भांति जब वह ड्यूटी में नहीं पहुंचे तो अन्य साथी पुलिसकर्मी उसकी खोजखबर लेने गये, तो वे अपने कमरे में बेहोशी की हालत में पड़े थे। जांच के बाद पता चला कि उनकी मौत हो चुकी है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पायेगा।
जानकारी के मुताबिक, आरक्षक जुगन साय पैकरा राजपुर थाना में पदस्थ थे, और थाना परिसर में ही बने क्वार्टर में अकेले रहते थे। राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने बताया कि, आरक्षक शुक्रवार की रात को करीब 9 बजे अपने कमरे में चले गये थे। शनिवार को काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने और ड्यूटी में नहीं पहुंचने पर साथी आरक्षक उन्हें देखने के लिये कमरे में गयेे, यहां आवाज लगाने पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। दरवाजा खोलकर जब वे अंदर गए तो बेहोशी की हालत में मिले। आरक्षक के शरीर को टटोलने पर पता चला कि उनकी मौत हो गई है। इसकी सूचना तत्काल राजपुर थाना प्रभारी को दी गई, इसके बाद अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृत्यु की पुष्टि होने पर पुलिस ने मृतक के स्वजन को बुलवाया। कुछ ही देर में इनके घर वाले भी राजपुर थाना पहुंच गये। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का पर्दाफास हो सकेगा।
कुछ माह पहले पीलिया से हुये थे पीड़ित
बताया जा रहा है कि, आरक्षक जुगन साय पैकरा कुछ माह पहले पीलिया से पीड़ित हुये थे, उपचार के बाद स्वस्थ होकर वे ड्यूटी पर लौट गए थे। आशंका हार्ट अटैक की भी बनी हुई है। चूंकि वे घर में अकेले थे, इस कारण उन्हें तत्काल सहायता भी नहीं मिल सकी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरक्षक की मौत से राजपुर थाने में शोक का माहौल बना हुआ है, वहीं स्वजन सदमे में हैं।

Spread the love