बड़ी दुर्घटना की संभावना के बाद भी कोई नहीं ले रहा सुध

अंबिकापुर। शहर के रामानुजगंज मार्ग में नगर सेना कार्यालय के ठीक सामने एक विशालकाय सूखा पेड़ कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारक बन सकता है। हैरानी की बात यह है कि आसपास जिला एवं सत्र न्यायाधीश सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों के शासकीय आवास हैं, फिर भी जिम्मेदार आंख मूंदे बैठे हैं।
बता दें कि, नगर सेना कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने वर्षों पुराना पेड़ पूरी तरह सूख चुका है। इसकी मोटी-मोटी सूखी टहनियां कभी भी गिर सकती हैं। अंबिकापुर-रामानुजगंज नेशनल हाईवे मार्ग होने के कारण रोजाना हजारों लोगों का आना-जाना होता है। कार्यालयीन स्टाफ के अलावा आम नागरिक और स्कूली बच्चे भी इसी रास्ते से गुजरते हैं। तेज हवा या बारिश में यह पेड़ जड़ से उखड़कर कब गिर जायेगा, कह पाना मुश्किल है। आम नागरिकों पर हर पल मंडरा रहे खतरे को देखते हुये सूखे पेड़ को हटाना जरूरी है, लेकिन टालमटोल की स्थिति बन रही है। पेड़ की सूखी डालियों के पास से ही बिजली लाइन गुजरी है। तार टूटने से बिजली गुल होने और करंट की चपेट में आने जैसी स्थिति बन सकती है। नगर सेना कार्यालय के जिम्मेदारों ने नगर निगम और वन विभाग का इस ओर ध्यानाकर्षण कराया है, लेकिन कार्रवाई शून्य है। नगर निगम, वन विभाग का और वन विभाग, बिजली विभाग का रास्ता दिखा रहा है। शिकायत के बाद भी पेड़ को नहीं हटाना हादसे को मूक आमंत्रण देने जैसा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब व्हीआईपी इलाके का ऐसा हाल है, तो आम मोहल्लों का क्या हाल होगा?
बाक्स
तेज आंधी में हो सकता है धराशाई
बारिश का मौसम आ चुका है। तेज आंधी में यह पेड़ कभी भी धराशाई हो सकता है, और जनहानि की स्थिति बन सकती है। ऐसे हालातों को देखते हुए जिला प्रशासन को इस पेड़ को हटाने के लिए निर्देशित करना चाहिये। साथ ही शहर के अन्य खतरनाक सूखे पेड़ों का भी सर्वे कराकर कार्रवाई की जानी चाहिये, ताकि बरसात में अनहोनी जैसी स्थिति न बनने पाये।
 

Spread the love