छह माह से पीठ पर घाव का दंश झेल रहे युवक को मिला नया जीवन  

अंबिकापुर। राजमाता श्रीमती देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, अंबिकापुर में पहली बार बेडसोर, अल्सर के स्थायी इलाज के लिए जटिल फ्लैप रिकंस्ट्रक्शन की सफल सर्जरी की गई। यह सर्जरी सामान्यत: बड़े प्लास्टिक सर्जरी केंद्रों में ही संभव हो पाती है।
जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर जिले के भैयाथान का 35 वर्षीय शोभनाथ पिछले 6 माह से पीठ पर बड़े बेडसोर, प्रेशर अल्सर से पीड़ित था। पैराप्लेजिया के कारण रोगी लंबे समय से बिस्तर पर था। रोज-रोज की ड्रेसिंग रोगी और परिजनों के लिए बेहद कष्टदायक और मुश्किल हो गई थी। घाव का आकार बहुत बड़ा होने से संक्रमण का खतरा भी लगातार बना हुआ था। मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. आरसी आर्या के मार्गदर्शन में रोगी के स्थायी इलाज के लिए फ्लैप सर्जरी करने का निर्णय लिया गया। 13 जून को सर्जरी विभाग की टीम ने इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को पूरा दिया, और पीड़ित को अपनी निगरानी में रखा था। बेडसोर अल्सर का आकार अत्यधिक बड़ा होने के कारण सर्जरी काफी जटिल थी, लेकिन टीम ने उत्कृष्ट तरीके से फ्लैप रिकंस्ट्रक्शन कर सर्जरी को सफल बनाया। फ्लैप सर्जरी में शरीर के दूसरे हिस्से से स्वस्थ मांसपेशी और त्वचा लेकर घाव को स्थायी रूप से ढक दिया गया है। सर्जरी के बाद रोगी की स्थिति संतोषजनक है। बेहतर निगरानी एवं विशेष देखभाल के लिए फिलहाल उसे सर्जिकल आईसीयू में रखा गया है। डॉक्टरों को उम्मीद है कि रोगी जल्द ही सामान्य जीवन की ओर लौटेगा।
सर्जरी टीम में ये रहे शामिल
इस सर्जरी को सफल बनाने में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मनोज भारती, सीनियर रेजिडेंट डॉ. आनंद साहू, पीजी डॉ. अप्पू, एनेस्थीसिया टीम से डॉ. रूपक कुमार, डॉ. शिवम शर्मा, स्टाफ नर्स जसिंता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अधीक्षक डॉ. आरसी आर्या ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि, हमारा प्रयास यहां के मरीजों को हरसंभव सुपर स्पेशियलिटी इलाज उपलब्ध कराना है।
पहले करना पड़ता था रेफर
मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि बेडसोर के लिए फ्लैप सर्जरी पहली बार हमारे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में की गई है। अभी तक इस प्रकार की सर्जरी के लिए मरीजों को बड़े महानगरों के प्लास्टिक सर्जरी केंद्रों में रेफर करना पड़ता था, जिससे गरीब मरीजों पर आर्थिक और मानसिक बोझ बढ़ता था। सर्जरी की सुविधा अब यहीं उपलब्ध होने से सरगुजा संभाग के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

Spread the love