छत में लगे फॉल्स सिलिंग से टपक रहा पानी, शौचालय किसी काम का नहीं

अंबिकापुर। राजमाता श्रीमती देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध जिला अस्पताल में जनसुविधा के लिए संचालित पुलिस सहायता केंद्र के कक्ष की स्थिति काफी दयनीय है। कर्मचारियों को भीषण गर्मी से राहत मिले, इस दिशा में प्रबंधन उदासीन है। प्री मानसूनी बारिश में छत में लगे फाल्स सिलिंग से टपक रहे पानी ने यहां के कर्मचारियों को चिंतित कर दिया है। फाल्स सिलिंग कब पानी में गलकर गिर जाएगा कहना मुश्किल है। शौचालय के नाम पर खड़े ढांचा की स्थिति भी दयनीय है।
बता दें कि, पुलिस सहायता केंद्र में पुलिस के अलावा महिला कर्मचारी भी सेवा दे रही हैं, इन्हें शौचालय की बेहतर सुविधा नहीं होने से काफी दिक्कतों से गुजरना पड़ता है। गर्मी से राहत दिलाने के यहां वर्षों पहले एक एसी लगाया गया था, जो कबाड़ हो गया है, लेकिन दीवार की शोभा बढ़ा रहा है। ऐसे में गर्मी और उमस का सामना करते पंखा, कूलर के भरोसे काम करने के लिए पुलिस अधिकारी और कर्मचारी बाध्य हैं। पुलिस सहायता केंद्र में दिन-रात पुलिस कर्मियों की मौजूदगी रहती है। इसे देखते हुए अस्पताल प्रबंधन को सहूलियतों की ओर ध्यान देना चाहिए, लेकिन इन्हें हो रही दिक्कतों को जानने की कोशिश कभी नहीं की गई। जरूरत पड़ने पर ही इन्हें पुलिस की याद आती है। मानसूनी बारिश के शुरूआत पूर्व अगर इस कक्ष की दुर्दशा को दूर नहीं किया गया, तो पुलिस कर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
पुलिस सहायता केंद्र के प्रभारी अरूण दुबे ने बताया कि, हाल में हो रही बारिश के दौरान बन रही दिक्कत को देखते हुए मरम्मत सहित अन्य समस्याओं की ओर अस्पताल अधीक्षक का ध्यान आवेदन के माध्यम से आकर्षित कराएंगे। काम की व्यस्तता के कारण अस्पताल अधीक्षक से उनकी मुलाकात नहीं हो पाई है।

Spread the love