अंबिकापुर। मोटरसायकल सवारों के द्वारा विवाद करते हुए बुलेट वाहन में सवार युवकों के साथ गाली-गलौज, मारपीट करते हुए 52 हजार रुपये नकद और बुलेट वाहन का हार्न, इयर फोन लूटकर ले जाने का मामला प्रकाश में आया है। मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने मोटरसायकल में सवार तीन युवकों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर जिला के बिश्रामपुर थाना अंतर्गत ग्राम दतिमा आमापारा निवासी पप्पू राजवाड़े 27 अप्रैल को अपरान्ह करीब 3 बजे अपने बुलेट मोटरसायकल क्रमांक सीजी 29 एएच 1811 को लेकर लाइट बनवाने आया था। वहीं साथ में टेमसाय राजवाड़े डीजे का स्पीकर लेने अंबिकापुर आया था। डीजे बुक होने के कारण नहीं मिला, इसके बाद दोनों शाम करीब 6 बजे वापस अपने घर जाने के लिये बुलेट वाहन से निकले थे। बुलेट मोटरसायकल को टेमसाय राजवाड़े चला रहा था। अंबिकापुर-बनारस रोड में मिश्रा होटल के पास पीछे से स्पलेण्डर मोटरसायकल में सवार तीन लड़के आये और उनका रास्ता रोककर तेज बुलेट चलाने का ज्यादा शौक है, बुलेट चलवाऊं कहते हुए बुलेट वाहन का चाबी टेमसाय राजवाड़े से छीन लिये, और मारपीट करने लगे। इसके बाद आरोपियों में एक लंबा लड़का स्वयं बुलेट मोटरसायकल स्टार्ट करके दोनों को जबरन पीछे बैठाया और बहुत तेज रफ्तार में चलाते हुये कमोदा विहार तरफ ले आया। पीछे से उसके साथी मोटरसायकल से पहुंचे। कमोदा विहार के पास सूनसान में ले जाकर बुलेट सवारों को वे थाना चलोगे कि यहीं पैसा दोगे, कहकर धमकाने लगे। जब इन्होंने कहा कि हम लोगों के पास पैसा नहीं है तो एक लड़का, जिसे आरोपी पंडित संबोधित कर रहे थे, वह बुलेट मोटरसायकल में बैठाकर फोन पे से पैसा निकलवाने के लिये पेट्रोल पंप के पास पप्पू राजवाड़े को ले गया, यहां पैसा नहीं मिलने पर च्वाइस सेंटर में ले जाकर उसके खाता में 4040 रुपये फोन पे च्वाइस सेंटर के खाते में डलवाया। इसके बाद च्वाइस सेंटर वाले से नकद 4000 रुपये मिलने के बाद आरोपी ने बुलेट वाहन का हार्न वहीं पर निकलवा कर अपने पास रख लिया, और इयर फोन भी लूट लिया। इसके बाद वापस उसे कमोदा विहार के पास ले गया, यहां टेमसाय राजवाड़े को दो लड़के रोक कर रखे थे। टेमसाय राजवाड़े अपने साथी पप्पू को बताया कि डीजे स्पीकर लेने के लिये 48 हजार रुपये रखा था, उसे धमकी-चमकी देकर लूट लिए हंै। तीनों लड़के बार-बार दोनों को किसी को भी कुछ बताने पर उठवा लेने और मारकर फेंक देने की धमकी दी। नकद रकम, बुलेट का हार्न व इयर फोन लूटने के बाद आरोपियों ने इन्हें भाग जाने के लिए कहा। पप्पू राजवाड़े की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 126(2), 140(2), 3(5), 309(6) का मामला दर्ज कर लिया है।

Spread the love