अंबिकापुर। स्कूटी एवं मोबाइल लूटपाट के एक आरोपी को गांधीनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अपने अन्य साथी के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। मामले में शामिल अन्य आरोपी के फरार रहने के कारण लूटी गई स्कूटी और मोबाइल को बरामद करने में पुलिस को सफलता नहीं मिली है। आरोपी पूर्व में मोटरसायकल चोरी के मामले में चालान किया जा चुका है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी घटना दिनांक से फरार है, जिसके तलाश में पुलिस लगी है।
जानकारी के मुताबिक, अशोक टोप्पो निवासी गोधनपुर ने थाना गांधीनगर में 08 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वह 05 अप्रैल को दोपहर के समय स्कूटी क्रमांक सीजी 15 सीव्ही 7728 से गुदरी बाजार से सब्जी लेकर वापस घर जा रहा था, इसी दौरान शिवधारी तालाब के पास जान-पहचान का एक युवक एवं उसका साथी आदर्श टोप्पो आवाज लगाकर रोकवाए, जब वह उनके पास गया तो दोनों ब्रम्ह रोड जाने के लिए स्कूटी मांगे। स्कूटी ऑटो पार्ट्स दुकान के मालिक का होने के कारण वह देने से इन्कार किया तो आदर्श टोप्पो व अन्य युवक उसके साथ हाथ-मुक्का, लात एवं डण्डा से मारपीट करके स्कूटी और मोबाइल फोन लूटकर भाग गए। आरोपियों ने रिपोर्ट थाना में करने पर मारपीट करने की धमकी दी थी, जिस कारण वह तत्काल रिपोर्ट दर्ज कराने नहीं गया था। रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में धारा 309(6), 3(5) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध करके पुलिस ने विवेचना में लिया था। पुलिस टीम घटनास्थल का निरीक्षण करके आरोपियों के तलाश में लगी थी। इसी क्रम में पुलिस ने आदर्श टोप्पो पिता स्व. जयपाल टोप्पो 20 साल, निवासी फुन्दुरडिहारी बीचपारा को गिरफ्तार किया और घटना के संबंध में पूछताछ की तो उसने अपने साथी के साथ स्कूटी एवं मोबाइल लूटना स्वीकार किया। आरोपी ने मामले में शामिल अन्य आरोपी के पास स्कूटी एवं मोबाइल रखना बताया है। पुलिस फरार आरोपी के तलाश में लगी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उप निरीक्षक दिलीप दुबे, सहायक उप निरीक्षक बीरेंद्र कुजूर, आरक्षक घनश्याम देवांगन, सत्यम सिंह, मोतीलाल केरकेट्टा, राहुल सिंह, रमन मण्डल सक्रिय रहे।

Spread the love