अंबिकापुर। रेलवे स्टेशन अंबिकापुर से मनेंद्रगढ़ रोड तक सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर निर्माण एवं पृथक पहुंच मार्ग विकसित करने के संबंध में क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के सदस्य मुकेश तिवारी, भाजपा नेता कैलाश मिश्रा, रेलवे सेक्शन इंजीनियर मनोज गुप्ता, ओएस एलओडब्ल्यू अमित दास ने कलेक्टर सरगुजा के नाम पत्र सौंपा है।
इससे पहले सोमवार को चर्चा के दौरान मुकेश तिवारी ने कलेक्टर को अवगत कराया कि अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में अमृत भारत स्टेशन योजना अंतर्गत स्टेशन परिसर में भीतरी मार्ग के चौड़ीकरण सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। वॉशिंग पीट का निर्माण कार्य पूर्णता की ओर है। निर्माणाधीन अतिरिक्त प्लेटफार्म एवं स्टेबलिंग लाइन के पूर्ण होने के पश्चात स्टेशन की क्षमता एवं रेल कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। भविष्य में अन्य प्रदेशों तक फाइनल लोकेशन सर्वे के अनुरूप नई लाइन निर्माण, यात्री गाड़ियों की संख्या बढ़ने के साथ यात्रियों की आवाजाही में भी वृद्धि स्वाभाविक है। स्टेशन परिसर के बाहर से मनेंद्रगढ़ मुख्य मार्ग, राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 तक जाने वाला संपर्क मार्ग अत्यंत व्यस्त एवं संकीर्ण है। ट्रेन के आगमन अथवा प्रस्थान के समय वाहनों की अत्यधिक भीड़ एवं अव्यवस्थित यातायात के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है, जिससे यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ता है। दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
मुकेश तिवारी ने यातायात प्रबंधन को सुव्यवस्थित करने तथा यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने की दृष्टि से अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से मनेंद्रगढ़ रोड तक की सड़क के समुचित चौड़ीकरण व बीच में डिवाइडर स्थापित करते हुए इसे सुव्यवस्थित टू-लेन मार्ग के रूप में विकसित करने पर जोर दिया है, जिससे दोनों दिशाओं में निर्बाध एवं सुरक्षित आवागमन संभव हो सके। उन्होंने सुझाव दिया है कि इसके अतिरिक्त स्टेशन के पश्चिमी किनारे में स्थित रेलवे क्वार्टर के आगे से मनेंद्रगढ़ रोड तक लगभग 15 फीट चौड़ा मार्ग उपलब्ध है, इसे विकसित करके, पृथक पहुंच मार्ग के रूप में उपयोग में लाया जा सकता है, जिससे यातायात का दबाव कम होगा और जाम की समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा। उपरोक्त प्रस्ताव की तकनीकी व्यवहार्यता, भूमि उपलब्धता एवं यातायात की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक परीक्षण एवं कार्रवाई हेतु निर्देशित करने का आग्रह किया गया है, ताकि अंबिकापुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित एवं यात्रियों के अनुकूल बनाया जा सके। कलेक्टर ने इस पर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए आश्वस्त किया है।

Spread the love