अलग-अलग घटनाओं में छह की मौत, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम  
अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में हुई अलग-अलग घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई। सभी मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पागल कुत्ते के काटने से जख्मी हुई महिला की करीब डेढ़ माह बाद मौत हो गई। मृतिका कमिला पति बधेश्वर कोरवा 34 वर्ष बलरामपुर जिला के शंकरगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम गम्हारडीह की रहने वाली थी। मौत रैबीज से हुई है, या कोई और कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो पाएगा।
मृतिका के पति ने पुलिस को बताया कि करीब डेढ़ माह पूर्व वह अपनी पत्नी के साथ जंगल में लकड़ी लेने के लिए गया था, उसकी पत्नी छोटे बच्चे को कपड़े से बांधकर साथ में रखी थी। इसी बीच एक पागल कुत्ता सामने आ गया, बच्चे पर कुत्ता हमला न कर दे, यह सोचकर वह उसे हाथ से डराकर भगाने का प्रयास की, तो कुत्ता उसके हाथ को काट दिया। बचाव में महिला दूसरे हाथ को आगे बढ़ाई तो कुत्ता दूसरे हाथ को काटकर जख्मी कर दिया था। पत्नी के द्वारा मचाए गए शोर को सुनकर लकड़ी बिन रहा पति मौके पर पहुंचा और कुत्ते को भगाया, इसके बाद वे घर आ गए थे, और गांव में ही जंगली जड़ी-बूटी से इलाज करवाए। स्थिति में सुधार होते देख वे जख्मी महिला को अस्पताल नहीं ले गए थे। 16 मार्च को महिला की अचानक तबियत बिगड़ने लगी, इसके बाद उसे शंकरगढ़ स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंचे, यहां से इलाज के बाद रिफर करने पर एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर आए, यहां आपातकालीन चिकित्सा परिसर में जांच के बाद चिकित्सक ने महिला को भर्ती कर लिया था। इलाज के दौरान 18 मार्च को दिन में 10.30 बजे उसकी मौत हो गई।
बाक्स
पत्नी की मौत के बाद तनाव में रहने वाला वृद्ध जहर पीकर दिया जान
पत्नी की मौत के बाद से तनाव में रहने वाले वृद्ध ने दूसरी बार जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम डिगमा निवासी मृतक बनीकांत जद्दार 67 वर्ष के पुत्र गोविंद जद्दार ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि 17 मार्च को सुबह करीब 8 बजे उसे पिता झोला लेकर मोटरसायकल से निकले थे, और घर वापस आ गए थे। दोपहर करीब 1.30 बजे उसकी पत्नीबताई के पापा उल्टी कर रहे हैं। इसके बाद उन्हें होलीक्रॉस अस्पताल लेकर गए, यहां जांच के बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती कर लिया गया था। गोविन्द जब अपने पिता से पूछताछ किया तो उन्होंने कहा कि तुम्हारी मां की मौत के बाद जीने का मन नहीं कर रहा है, इसलिए जहर पी लिया हूं। इलाज के दौरान वृद्ध की 17 मार्च की रात 11.10 बजे मौत हो गई। मृतक के पुत्र का कहना है कि मां की मौत के बाद से उसके पिता काफी तनाव में रहते थे। वर्ष 2024 में भी वे जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिए थे।
बाक्स
नर्सिंग की छात्रा जहर सेवन की, इलाज दौरान मौत
एक अन्य मामले में बलरामपुर जिला के राजपुर थाना अंतर्गत ग्राम कुन्नीकला, धंधापुर निवासी कुंती प्रधान पिता गुलाब प्रधान 26 वर्ष, इलाज के दौरान दम तोड़ दी। मृतिका के भाई ऋषि प्रधान ने पुलिस को बताया है कि उसकी बहन कुंती भिलाई में नर्सिंग का पढ़ाई कर रही थी। हाल में वह गांव आई थी। 9 मार्च को दोपहर करीब छोटे भाई दुबेश्वर से पता चला कि बहन जहर पी ली है, उसे बरियो स्वास्थ्य केन्द्र लेकर जा रहे हैं। यहां से इलाज के बाद रिफर करने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे। पूछताछ में बहन बताई के टेंशन में वह जहर पी ली है, लेकिन क्या टेंशन था, इस पर मौन रही। यहां से रिफर करने पर स्वजन उसे शहर के गायत्री अस्पताल ले गए। पुन: 14 मार्च को होलीक्रॉस अस्पताल में भर्ती कराए थे, यहां इलाज के दौरान 17 मार्च को 3.50 बजे उसकी मौत हो गई।
बाक्स
पत्थर से ठोकर खाकर गिरी वृद्धा की इलाज के दौरान मौत
पत्थर से ठोकर खाकर गिरने से चोटिल हुई महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम पटोरा निवासी अभय के पिता की मौत के बाद आयोजित दशकर्म, चंदनपान कार्यक्रम में शामिल होने के लिए धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बकराताल की पनमेश्वरी पति विश्वनाथ 70 वर्ष, 15 मार्च को गई थी। 17 मार्च को मोटरसायकल से अभय उसे बकराताल छोड़ने के लिए जा रहा था। ग्राम कर्रा ने महिला ने अभय को लघुशंका के लिए मोटरसायकल रोकने कहा। महिला मोटरसायकल से उतरकर कुछ दूर गई थी, और पैर में पत्थर का ठोकर लगने से गिर गई। घायल महिला को एम्बुलेंस से धौरपुर स्वास्थ्य केन्द्र ले गए, यहां से रिफर करने पर स्वजन उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान 18 मार्च को अलसुबह 3.50 बजे उसकी मौत हो गई।
बाक्स
पानी टंकी के पिलर से टकराई पिकअप, सवार की मौत
पानी टंकी के पिलर से हुई पिकअप की टक्कर में सुरजपुर जिला के जयनगर थाना अंतर्गत ग्राम सिलफिली निवासी प्रणव मंडल पिता समरेश मंडल 30 वर्ष की मौत हो गई। मृतक गांव के ही संजय मंडल के साथ पिकअप में सवार होकर कहीं गया था। ग्राम चंदोरीडांड के पास पिकअप का चालक नियंत्रण खो दिया और पानी टंकी के पिलर से टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप सवार घायल हो गए थे। रात करीब 9 बजे अजीत वर्मन नामक व्यक्ति ने घटना की जानकारी फोन करके प्रधव मंडल के चचेरे भाई सुशांत को दी थी, इसके बाद स्वजन लटोरी स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे। यहां से रिफर करने पर घायल प्रणव को होलीक्रॉस अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां आपातकालीन कक्ष में जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बाक्स
युवक को सांस लेने में हुई तकलीफ, हो गई मौत
शराब का सेवन किए युवक को सांस लेने में तकलीफ होने लगी, स्वजन उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां चिकित्सक ने जांच, उपचार के बीच उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, मृतक नन्दू राम पिता नटरू राम 37 वर्ष, लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम सायरराई का रहने वाला था, जो अंबिकापुर में मणिपुर थाना अंतर्गत ग्राम जगदीशपुर में चल रहे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निर्माण में सुमीत अग्रवाल के अधीन राजमिस्त्री का काम करता था, साथ में उसकी पत्नी और साला भी काम करते थे। मंगलवार को दोनों पति-पत्नी शराब पिए, और काम करने के लिए नहीं गए थे। नन्दू का साला काम करने के लिए गया था, जो दोपहर करीब एक बजे खाना खाने के लिए आया था। बहन बताई कि उसके जीजा को सांस लेने में दिक्कत हो रही है, अस्पताल ले चलो। आननफानन में वे पीड़ित को लेकर अस्पताल पहुंचे, यहां जांच, उपचार के बीच चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Spread the love