पीजी कॉलेज मैदान में तैयारियां शुरू, 2500 से अधिक प्रतिभागी होंगे शामिल

अंबिकापुर। बस्तर ओलंपिक की तर्ज पर सरगुजा ओलंपिक 2026 का तीन दिवसीय संभागीय आयोजन अंबिकापुर में 21 मार्च से होगा। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। सरगुजा ओलंपिक का आयोजन पीजी कॉलेज मैदान में किया जाएगा। प्रतियोगिता में करीब ढाई हजार युवा अपने खेल प्रतियोगिताओं में शामिल होंगे।
बता दें कि बस्तर ओलंपिक की तरह सरगुजा ओलंपिक की प्रतियोगिता इस साल से शुरू की गई है। इसके तहत ब्लॉक औऱ जिला स्तरीय ओलंपिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन पूरा हो चुका है। सरगुजा ओलंपिक के फाइनल प्रतियोगिता में संभाग के सभी जिलों के ढाई हजार से अधिक खिलाड़ी शामिल होंगे। सरगुजा ओलंपिक 2026 का फाइनल 21 मार्च से शुरू हो रहा है। इसके लिए पीजी कॉलेज मैदान में तैयारी की जा रही है। सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत और एसपी राजेश अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। कलेक्टर ने बताया कि, तीन दिवसीय आयोजन में जिला स्तर पर विजेता खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। दो आयु वर्ग, महिला और पुरूष वर्ग में कुल ढाई हजार से अधिक खिलाड़ी अपना खेल जौहर दिखाएंगे। सरगुजा ओलंपिक का आयोजन चरणबद्ध तरीके से किया गया। इसमें पहले ब्लॉक स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित की गई। ब्लॉक स्तर के विजेता जिला स्तर की प्रतियोगिता में शामिल हुए। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ी सरगुजा ओलंपिक की फाइनल प्रतियोगिता में अपना दम-खम दिखाएंगे। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों की व्यवस्था आयोजन समिति करेगी। खिलाड़ियों के रुकने और भोजन की व्यवस्था भी आयोजन समिति करेगी। इसके लिए बड़े स्तर पर तैयारी की जा रही है। विभिन्न खेलों में विजेता प्रतिभागियों और टीमों को समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।
इन विधाओं में होगी प्रतियोगिता
सरगुजा ओलंपिक में एथलेटिक्स अंतर्गत 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़, गोला फेंक, भाला फेंक, तवा फेंक, लंबी कूद,ऊंची कूद, 4/100 मीटर रिले रेस, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल की स्पर्धाएं आयोजित होंगी।

Spread the love