रैली निकालकर सौंपा राज्यपाल के नाम ज्ञापन, कहा-नशे के कारोबार को दे रहे संरक्षण
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती और सूखा नशा के बढ़ते कारोबार के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने गुरुवार को भाजपा कार्यालय का सांकेतिक घेराव किया। आयोजन जिला कांग्रेस प्रभारी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह के नेतृत्व में किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में राजीव भवन से रैली के रूप में भाजपा कार्यालय की ओर रवाना हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘अफीम की खेती बंद करोÓ और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की। घेराव के बाद राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी सौंपा। कांग्रेस के आयोजन को देखते हुए कलेक्टोरेट परिसर से भाजपा कार्यालय तक काफी संख्या में पुलिस की मौजूदगी रही। बैरीकेड लगाकर भाजपा कार्यालय की ओर जाने वाले मार्ग को बंद किया गया था, फिर भी भाजपा कार्यालय को घेरने के लिए पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस के साथ झूमाझटकी करते हुए जोर-आजमाईस करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए पूर्व मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह ने कहा कि दुर्ग जिले के समोद में भाजपा नेता के द्वारा अफीम की खेती का मामला सामने आया था। इसके बाद बलरामपुर जिले में भी दो स्थानों पर अफीम की खेती पकड़ी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनवरी से पुलिस को इसकी जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई। पिछले 13 महीनों में प्रदेश में नारकोटिक्स से जुड़े 2599 मामले दर्ज हुए हैं, जो यह दर्शाते हैं कि या तो यह सब सरकार के संरक्षण में हो रहा है या सरकार प्रदेश में सुशासन स्थापित करने में असफल साबित हो रही है। प्रदर्शन और घेराव के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय अग्रवाल, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता, हेमंत सिन्हा, विनय शर्मा, इंद्रजीत सिंह धंजल, अरविंद सिंह, मोहम्मद इस्लाम, इरफान सिद्दीकी, कृपाशंकर गुप्ता, संजय विश्वकर्मा, हेमंत तिवारी, बलराम यादव, अटल यादव, तिलक बेहरा, अमित सिंहदेव, प्रदीप गुप्ता, सुधांशु गुप्ता, दुर्गेश गुप्ता, सीमा सोनी, सरोज साहू, प्रशांत सिंह, ओमप्रकाश सिंह, लोकेश पासवान, जमील खान सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सरकार नशे का कारोबार रोकने में असफल
पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने प्रदेश सरकार पर नशे का कारोबार को रोकने में पूरी तरह असफल रहने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार जान-बूझकर नशे के कारोबार को बढ़ावा दे रही है, जिससे युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि हाल ही में पकड़े गए नशा माफिया के मामले में सरकार ने विधानसभा में जवाब देते समय कुछ नाम छिपाए हैं। इससे संदेह पैदा होता है कि नशा कारोबारियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है। 

Spread the love