जरही — एसईसीएल (SECL) की शिवानी भूमिगत खदान में हुई बड़ी चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। खदान परिसर से लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य की तांबा केबल चोरी करने के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

क्या है पूरा मामला?

खदान प्रबंधक चंद्रकांत सोनवानी की लिखित शिकायत के अनुसार, यह घटना 20 अप्रैल 2026 की सुबह लगभग 4:17 बजे की है। अज्ञात चोरों ने प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसकर खदान के मुहाने के पास रखे ‘आइडल स्पेयर’ से लगभग 70 मीटर भारी तांबा केबल पार कर दी थी। चोरी की गई केबल की कीमत करीब 2,50,000 रुपये बताई गई है।

हथियारों से लैस थे चोर

शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी तलवार और टम्बल जैसे घातक हथियारों से लैस थे। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्डों ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन्हें डराया-धमकाया। गार्ड्स ने अपनी जान को खतरा देखते हुए पीछे हटना बेहतर समझा, जिसके बाद चोरों ने सीसीटीवी कैमरों के तार काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विवेचना शुरू की। मुखबिरों की सूचना और खदान के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की घेराबंदी की। जांच के दौरान पुलिस ने निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है:

नरेन्द्र सिंह उर्फ पण्डा (26 वर्ष) – निवासी कुम्दा बस्ती

हरिनंदन सिंह उर्फ कल्लू (22 वर्ष) – निवासी कुम्दा बस्ती

रवि उर्फ चरण अगरिया (22 वर्ष) – निवासी करसकेला

कमलेश सिंह (22 वर्ष) – निवासी कुम्दा बस्ती

सुरज उर्फ पुल्लू पैकरा (25 वर्ष) – निवासी माझापारा करसकेला

बल्लू सिंह (28 वर्ष) – निवासी कुम्दा बस्ती

दिनेश सिंह (26 वर्ष) – निवासी कुम्दा बस्ती

माल और हथियार बरामद

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई तांबा केबल के साथ-साथ वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार (तलवार और टम्बल) भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Spread the love