Oplus_131072

सूरजपुर। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, रामानुजनगर में सत्र 2025-26 के वार्षिक परीक्षा परिणामों की घोषणा के साथ अभिभावक-शिक्षक बैठक  का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी प्राप्त की और विद्यालय की पहल की सराहना की।इस अवसर पर विद्यालय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का विशेष सम्मान करते हुए एक प्रेरणादायी वातावरण का निर्माण किया। प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों के लिए आकर्षक “सेल्फी बूथ” की व्यवस्था की गई, जहां प्राचार्य एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों के साथ स्मरणीय पल साझा किए। विद्यार्थियों को शील्ड प्रदान कर उनके परिश्रम और उपलब्धियों की सराहना की गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि संस्था के प्राचार्य पी. सी. सोनी ने कमजोर विद्यार्थियों से व्यक्तिगत संवाद स्थापित कर उन्हें उनकी कमियों से अवगत कराया और आगामी सत्र में बेहतर प्रदर्शन हेतु प्रेरित किया। उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों की पढ़ाई में निरंतर सहयोग करें और घर पर सकारात्मक एवं प्रेरणादायी वातावरण सुनिश्चित करें।

विद्यालय प्रबंधन ने इस सफल आयोजन को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सशक्त कदम बताते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल छात्रों का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि अभिभावकों और शिक्षकों के बीच समन्वय को भी सुदृढ़ करते हैं।कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना और नए सत्र में नई ऊर्जा के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के संकल्प के साथ हुआ।

Spread the love