अंबिकापुर। स्कूटी सवार युवक-युवती पिकअप की ठोकर से घायल हो गए, इनका मेडिकल कॉलेज और होलीक्रॉस अस्पताल अंबिकापुर में इलाज चल रहा है। घायल युवक के पिता की रिपोर्ट पर गांधीनगर थाना पुलिस ने मामले में पिकअप चालक के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।
बलरामपुर जिला के कुसमी थाना अंतर्गत ग्राम कंचनटोली निवासी राकेश तिर्की ने रिपोर्ट दर्ज कराया है कि उसका लड़का राकेश तिर्की 20 वर्ष बीते 3 मार्च को ग्राम कंचनटोली से गंगापुर अंबिकापुर रिश्तेदार के घर में घूमने के लिए आया था। 4 मार्च की शाम को करीब 8 बजे राकेश अपने महिला मित्र के साथ किसी दोस्त के स्कूटी वाहन क्रमांक सीजी 15 डीजे 0259 से एमजी रोड में किसी काम से गया था। रात करीब 8.15 से 8.30 बजे के बीच माखन विहार के पास सामने की ओर से आ रही एक पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 29 एएफ 4486 का चालक लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते स्कूटी वाहन को ठोकर मार दिया, और कुछ दूर तक इन्हें घसीटते ले गया था। हादसे में  राकेश तिर्की के बाएं पैर व शरीर में और लड़की के पैर व नाक में चोट आई है। आसपास के लोग इन्हें जिला अस्पताल अंबिकापुर ले गए। घटना की सूचना पाकर स्वजन जिला अस्पताल पहुंचे। राकेश तिर्की का जिला अस्पताल में वहीं लड़की का होली क्रॉस अस्पताल में उपचार चल रहा है।

Spread the love