प्रशासन मामले को लेकर गंभीर, फाइनेंसियल गतिविधियों की भी चल रही जांच
पुलिस-प्रशासन, वन विभाग की संयुक्त टीमें सरहदी क्षेत्रों तक चला रही सघन चेकिंग अभियान

बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम पंचायत त्रिपुरी के घोसराडांड़ में बड़े पैमाने पर की गई अफीम की खेती का प्रशासन व पुलिस की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान 3.67 एकड़ भूमि में लगी अफीम की फसल को उखाड़कर जब्त किया गया। 43 क्विंटल जब्त अफीम की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 75 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में पुलिस ने जमीन मालिकों समेत 7 लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
बता दें कि 10 मार्च को कुसमी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि त्रिपुरी क्षेत्र में कुछ लोग रूपदेव भगत एवं कौसिल भगत के खेत में अवैध मादक पदार्थ अफीम की खेती कर रहे हैं। सूचना पर एसडीओपी, आशीष कुंजाम थाना प्रभारी, कुसमी विरासत कुजूर एसएफएल टीम तथा प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। जांच में खेत में अफीम के पौधे पाए गए और वहां मौजूद रूपदेव राम भगत, कौशिल भगत, मनोज कुमार, जिरमल मुण्डा, उपेन्द्र कुमार, विन्देश्वर, कृष्णा सिंह इसकी रखवाली कर रहे थे। परीक्षण पर अवैध मादक पदार्थ अफीम का होना पाए जाने पर एनडीपीएस एक्ट के तहत विवेचना, कार्रवाई शुरू की गई। संदेहियों के कब्जे मेें लगे अवैध मादक पदार्थ अफीम की खेती का अवैध मादक पदार्थ के रूप में पहचान, पंचनामा तैयार कर अफीम को जड़, तना, पत्ती, फूल, फल सहित उखाड़ कर एवं खेत में पड़े दो डिब्बे में आधा-आधा भरा हुआ अफीम का लासा व चार बड़ा बोरी व एक छोटी बोरी में सूखे फल की विधिवत बरामदगी पश्चात बरामद अवैध मादक पदार्थ का तौल कराया गया, जो कुल 4344.569 किलोग्राम था। इसकी कीमत करीब 4 करोड़ 75 लाख रुपये है। आरोपियों का कृत्य अपराध धारा सदर 8,18 एन.डी.पी.एस. एक्ट का होना पाए जाने पर सातों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में एंड-टू-एंड विवेचना कार्रवाई जारी है। मामले में फाइनेंसियल गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। विधिवत विवेचना कार्रवाई हेतु पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। साथ ही तत्संबंध में पुलिस, प्रशासन एवं फॉरेस्ट विभाग की संयुक्त टीमों के द्वारा पूरे जिले, विशेषकर सरहदी क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। चेकिंग के दौरान ऐसी कोई भी गतिविधियां आपराधिक कृत्य करना पाए जाने पर संबंधित आरोपियों के विरूद्ध विधि अनुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बलरामपुर पुलिस द्वारा इस संबंध में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।  
बाक्स
इन्हें किया गया गिरफ्तार
थाना कुसमी पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 00/2026, धारा सदर 8,18 एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत रूपदेव राम भगत पिता ठाकुर राम 50 वर्ष, निवासी ग्राम त्रिपुरी सरनाटोली कुसमी, कौशिल भगत पिता रूंगहू (रूंघू) राम 30 वर्ष, निवासी ग्राम त्रिपुरी माचाडीपा कुसमी, मनोज कुमार पिता सीता यादव 24 वर्ष, निवासी ग्राम सोमया थाना बारा़चट्टी जिला गया बिहार, जिरमल मुण्डा पिता बुधन राम मुण्डा 56 वर्ष, निवासी ग्राम भगचन्द थाना आस्ता जिला जशपुर, उपेन्द्र कुमार पिता रामचन्द्र यादव 27 वर्ष, निवासी ग्राम सोमया थाना बारा़चट्टी जिला गया बिहार, विन्देश्वर पिता कमर गंजहू 45 वर्ष निवासी कोलवा थाना जोरी जिला चतरा झारखंड व कृष्णा सिंह पिता महादेव सिंह निवासी कुराग, थाना आस्ता जिला जशपुर को गिरफ्तार किया है।
बाक्स
जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए की जाएगी कड़ी कार्रवाई-कलेक्टर
फोटो-कलेक्टर राजेन्द्र कटारा मेल में दिया हूं
कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने जानकारी दी है कि जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत त्रिपुरी गांव में 10 मार्च 2026 को मुखबिर से अफीम की खेती की सूचना प्राप्त हुई, जिस पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर अवैध अफीम की खेती को कब्जे में लेकर भूमि का सीमांकन किया गया।
जांच के दौरान पाया गया कि 1.488 हेक्टेयर (3.67 एकड़) में खेती की जा रही थी, जिसके रिकार्ड का अवलोकन किया गया। डीसीएस सर्वे में उक्त भूमि पड़ती के रूप में दर्ज है। सामान्यत: उक्त भूमि पर खेती नहीं होने के कारण रवी फसल की गिरदावरी नहीं की गई है। प्रशासन, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम के द्वारा न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की उपस्थिति में एनडीपीएस के प्रावधानों के तहत परीक्षण कर जब्ती की कार्रवाई की गई है। इसकी कुल मात्रा 43 क्ंिवटल और अनुमानित मूल्य लगभग 4 करोड़ 75 लाख रुपये है। कलेक्टर ने बताया कि जिले में राजस्व, पुलिस प्रशासन एवं वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिले की सीमावर्ती क्षेत्रों सहित जिले की समस्त भूमि का चिन्हांकन कर विधिवत सघन जांच, परीक्षण किया जा रहा है। किसी भूमि पर अफीम की खेती पाये जाने पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजनों से अपील की है कि जिले के किसी भी क्षेत्र में अफीम या मादक पदार्थों के खेती की जानकारी मिलती है तो तत्काल जिला एवं पुलिस प्रशासन को सूचना दें, जिस पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सूचना देने वाले की जानकारी गोपनीय रखी जाएगी।

Spread the love