अंबिकापुर। भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। सेना भर्ती कार्यालय रायपुर द्वारा जारी सूचना के अनुसार अग्निवीर भर्ती हेतु ऑनलाइन पंजीयन 13 फरवरी से 01 अप्रैल तक किया जा सकेगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए ज्वाइन इंडियन आर्मी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन पंजीयन करना होगा। वेबसाइट पर अग्निपथ लिंक पर क्लिक कर नए उपयोगकर्ता के रूप में पंजीयन करने के बाद अभ्यर्थी अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता, संचार विवरण तथा अन्य आवश्यक जानकारी भरकर आवेदन पूर्ण कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अभ्यर्थियों को निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा। सफलतापूर्वक आवेदन जमा होने पर सिस्टम द्वारा रोल नंबर जनरेट किया जाएगा। परीक्षा तिथि से लगभग 10-15 दिन पूर्व अभ्यर्थी वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत पहले ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात चयनित अभ्यर्थियों को रैली भर्ती, मेडिकल परीक्षण तथा अंतिम मेरिट सूची के आधार पर प्रशिक्षण केंद्र भेजा जाएगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय रायपुर के दूरभाष नंबर 0771-2965212 पर संपर्क कर सकते हैं।

Spread the love