रक्षित केंद्र में ली परेड की सलामी, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों की सुनी समस्याएं

अंबिकापुर। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज सरगुजा दीपक झा ने मंगलवार को जशपुर जिले का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रक्षित केंद्र जशपुर पहुंचकर भव्य परेड की सलामी ली और पुलिस बल के अनुशासन, वेश-भूषा और कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया। परेड निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट वेश-भूषा एवं अनुशासन का परिचय देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस महानिरीक्षक द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
निरीक्षण दौरान आईजी दीपक झा ने रक्षित केंद्र में उपलब्ध शासकीय वाहनों का भी निरीक्षण किया और वाहनों का उचित रख-रखाव और नियमित देख-रेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रक्षित केंद्र के वाहन शाखा, कैश शाखा, स्टोर शाखा तथा पुलिस कैंटीन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। आयोजित पुलिस दरबार में आईजी दीपक झा ने जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं और कई समस्याओं के निराकरण के लिए मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल को हमेशा अनुशासन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी पुलिस कर्मियों को उत्तम गणवेश में रहकर सख्त अनुशासन का पालन करना चाहिए। वर्तमान समय में तकनीकी ज्ञान की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कंप्यूटर की अनिवार्य जानकारी रखने की सलाह दी, ताकि आधुनिक पुलिसिंग और कार्यालयीन कार्यों को बेहतर ढंग से संपादित किया जा सके। आईजी ने पुलिस बल को नशे से दूर रहने और भ्रष्टाचार से बचने की सख्त समझाइश दी। उन्होंने कहा पुलिस की छवि जनता के बीच एक ईमानदार और जिम्मेदार संस्था के रूप में बनी रहनी चाहिए। यदि किसी भी आपराधिक गतिविधि में पुलिस के किसी अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस महानिरीक्षक ने सिटी कोतवाली व पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भी जायजा लिया और कार्यालयीन कार्यों को समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, ताकि पुलिस व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके। वार्षिक निरीक्षण के दौरान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पटनवार, एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर, एसडीओपी कुनकुरी विनोद मंडावी, एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश जायसवाल, उप पुलिस अधीक्षक कुंजराम चौहान, उप पुलिस अधीक्षक आजाक भावेश समरथ, उप पुलिस अधीक्षक आशा तिर्की, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मोरध्वज देशमुख सहित समस्त थाना, चौकी के प्रभारी एवं आईजी स्टेनो मो. रियाज खान, रीडर रेमशलाल साहू उपस्थित रहे।

Spread the love