अंबिकापुर। प्रेमिका से हुए विवाद के बाद बातचीत बंद होने से क्षुब्ध होकर युवक ने कीटनाशक का सेवन कर लिया, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कुल्हाड़ी निवासी गणेश पिता बुधराम (29) गांव के नान बाबा के यहां मजदूरी करता था। 15 फरवरी को शाम करीब 06 बजे नान बाबा के यहां से काम करके घर आया और कुछ देर बाद खाना खाने की बात कहकर घर से निकल गया। डेढ़ घंटे बाद शराब पीकर वापस घर आया तो पिता ने कहा खाना नहीं बनाया हूं, खाओगे तो बनाउंगा। इस पर गणेश नहीं खाउंगा कहा, और दोनों पिता-पुत्र एक ही बिस्तर में सो गए। करीब एक घंटे बाद गणेश खांसते हुए बिस्तर के नीचे उल्टी करने लगा। टार्च जलाकर स्वजन देखे तो वह लाल रंग उल्टी में दिखाई दिया। पूछताछ करने पर वह दवाई पीने की जानकारी दिया, लेकिन कौन सा दवाई पिया है, नहीं बताया। मोटरसायकल से स्वजन उसे होलीक्रॉस अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां इमरजेंसी में जांच के बाद चिकित्सक ने उसे एसआईसीयू वार्ड में भर्ती कराया था, जहां उसका इलाज चल रहा था। अस्पताल में चल रहे इलाज के बीच स्वजन जब उससे पूछताछ किए तो उसने कल्याणपुर की किसी लड़की को पसंद करने और आपस में विवाद के बाद मनमुटाव होने के कारण गुस्से में कीटनाशक दवा का सेवन करने की जानकारी दी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद गांधीनगर थाना पुलिस मामले में अग्रिम जांच, कार्रवाई करेगी।

Spread the love