अंबिकापुर। ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वुडबॉल महिला-पुरुष चैंपियनशिप 2025-26 का आयोजन मध्यांचल प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी भोपाल में 23 से 27 फरवरी तक किया जा रहा है। इसी क्रम में वुडबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा सरगुजा जिले के दो राष्ट्रीय खिलाड़ी आकाश दुबे एवं रजत सिंह को रेफरी बोर्ड के सदस्य के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रदान की गई है। इतने बड़े मंच पर निर्णायक की भूमिका में नियुक्ति मिलना न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि समूचे सरगुजा जिले के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि सरगुजा जिले के खिलाड़ी अब केवल उत्कृष्ट प्रदर्शन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि खेल संचालन एवं तकनीकी दक्षता में भी अपनी विशेष पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि आकाश दुबे और रजत सिंह पूर्व में भी विभिन्न राज्य एवं राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं में सफलतापूर्वक निर्णायक की भूमिका निभा चुके हैं। उल्लेखनीय है कि इस ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वुडबॉल चैंपियनशिप में देशभर की लगभग 65 विश्वविद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं। ऐसे आयोजन में सरगुजा जिले के खिलाड़ियों का रेफरी बोर्ड में चयन होना जिले की खेल प्रतिभा और निरंतर प्रगति का प्रमाण है। संघ के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट योगदान दे रहे हैं। रजत सिंह वर्तमान में के.आर. टेक्निकल कॉलेज में क्रीड़ा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। सरगुजा जिला वुडबॉल संघ, सरगुजा जिला बास्केटबॉल परिवार, के.आर. टेक्निकल कॉलेज समेत विश्वविद्यालय परिवार ने दोनों निर्णायकों के उज्जवल भविष्य की कामना की है।

Spread the love