अंबिकापुर। प्रसव के बाद महिला की तबियत बिगड़ी, अस्पतालों का चक्कर काटते उसकी मौत हो गई। बच्चे को चिकित्सकों ने अपनी निगरानी में रखा है।
जानकारी के मुताबिक छतरपुर मध्य प्रदेश के ग्राम गुलगंज निवासी अनिता अहिरवार पति दौलत अहिरवार 25 वर्ष गर्भवती थी, और प्रसव के लिए अपने मायके सरगुजा संभाग के रामानुजगंज थाना अंतर्गत भुंइयाटोली आई थी। 20 फरवरी को प्रसव पीड़ा के बाद महिला अपने मायके घर में ही समय से पहले सात माह में बच्ची को जन्म दी, जिसका वजन 900 ग्राम है। इसकी जानकारी मिलने पर मितानिन जच्चा, बच्चा की सुरक्षा के लिए इन्हें रामानुजगंज के शासकीय अस्पताल में ले गए। यहां बच्ची को भर्ती कर लिया गया, वहीं महिला में प्रसव के बाद बनी शारीरिक कमजोरी और पैर में सूजन के साथ तकलीफ को देखते हुए आवश्यक उपचार सुविधा उपलब्ध कराने के बाद बलरामपुर जिला अस्पताल रिफर कर दिया था। चिकित्सकों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रिफर कर दिया था, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है।

Spread the love