शादी का प्रस्ताव ठुकराने से नाराज था विवाहित युवक, मारकर फेंक देने की दे रहे थे धमकी
गांधीनगर और मनेन्द्रगढ़ थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कराया था नाकेबंदी
फोटो- मेल में युवती का अपहरण
अंबिकापुर। अपहरण के मामलेे में सरगुजा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटे के भीतर युवती को बरामद कर लिया और 04 अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशन में थाना गांधीनगर एवं थाना मनेन्द्रगढ़ पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए यह सफलता अर्जित की है। अपहरण की सूचना पर जिला मुख्यालय के सभी वाह्य मार्गों सहित अन्य सीमावर्ती जिले के थाना क्षेत्रों में नाकेबंदी की गई थी। पुलिस ने अपहरणकर्ता को बीच रास्ते में ही कब्जे में ले लिया और आरोपियों के कब्जे से युवती को सही-सलामत बरामद कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार एवं चार मोबाइल फोन को जप्त कर लिया है। युवती के द्वारा पूर्व से विवाहित युवक से शादी करने से इन्कार करने पर अन्य साथियों के साथ मिलकर अपहरण की घटना को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया था।
जानकारी के मुताबिक हीरालाल साहू निवासी फुन्दुरडिहारी तुर्रापानी ने थाना गांधीनगर में 15 जनवरी को रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसके मकान में एक युवती करीब 15 दिन पूर्व से किराए में रह कर पास में ही काम करती थी। 15 जनवरी की शाम को जब वह घर में था, उसी समय एक युवती का अपहरण हो गया है, का शोर सुनकर जब वह अपने घर से बाहर निकला तो आस-पास के लोग बताए कि उनके यहां किराए के मकान में रहने वाली युवती को कुछ लोग घर के पास से रास्ता रोककर जबरन कार में बैठाकर ले गए हैं। युवती के चिल्लाने एवं बचाने के लिए लगाई गई आवाज को आस-पास के लोगों ने देखा और सुना था। कुछ लोग उक्त कार का पीछा भी किए, कार सवार व्यक्तियों के द्वारा सरगवां, सकालो रोड की ओर युवती को लेकर भागना बताया गया। घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार का क्रमांक एमपी 13 सीसी 4342 होना बताया गया। किसी अनहोनी की आशंका पर मकान मालिक हीरालाल साहू ने थाना गांधीनगर में इसकी जानकारी दी, पुलिस ने रिपोर्ट पर धारा 126(2), 140(2), 3(5) बी.एन.एस. का अपराध दर्ज करके विवेचना मे लिया था और घटना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया था। मामला संज्ञान में आने पर लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल द्वारा पुलिस टीम को त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के भागने के हर संभावित रास्तों पर कड़ी नाकेबंदी लगाने के निर्देश दिए थे। पुलिस टीम घटना स्थल का निरीक्षण करके मौके का सीसीटीव्ही फुटेज अवलोकन की तो सामने आया कि कुछ व्यक्ति अपहृत युवती को जबरन कार में बैठा रहे हैं।
पुलिस को देखकर रोने लगी युवती
अपहृता की पतासाजी के दौरान पुलिस टीम द्वारा साइबर सेल से युवती के संबंध में तकनीकी जानकारी प्राप्त की तो युवती को कोरिया मनेन्द्रगढ़ रास्ते की ओर होना पाया गया, इसके आधार पर पुलिस टीम ने उक्त कार का पीछा करते हुए अन्य जिलों को भी कंट्रोल रूम के माध्यम से फोन व वायरलेस से अलर्ट करके नाकाबंदी कराया गया। इसी क्रम में कार सवारों को थाना मनेन्द्रगढ़ स्टाफ के द्वारा नाकाबंदी करके रोका गया। कार में सवार युवती पुलिस को देख कर रोने लगी, तब पुलिस टीम सवार व्यक्तियों को गाड़ी के साथ पकड़कर थाना मनेन्द्रगढ़ लाए। इसके बाद पीछे से पहुंची थाना गांधीनगर पुलिस टीम ने अपहृता से घटना के संबंध में जानकारी ली और चारों कार सवारों को अपनी सुपुर्दगी में ले लिया।
जान-पहचान होने पर रखा था शादी का प्रस्ताव
अपहृता का महिला अधिकारी नेे कथन लिया, तो वह बताई कि रामप्रसाद एवं अन्य 03 व्यक्ति उसको जबरन खींचकर कार में बैठाए और जान से मारकर फंेक देने की बात कह रहे थे। आरोपी रामप्रसाद ने पूछताछ में बताया कि वह शादीशुदा है। कुछ वर्ष पूर्व युवती से उसका जान-पहचान हुआ था, और दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे थे। आरोपी ने युवती के समक्ष शादी करने का प्रस्ताव रखा था। युवती को जब उसके शादीशुदा होने की जानकारी मिली तो वह शादी करने से इन्कार कर दी थी। इसी बात को लेकर आरोपी रामप्रसाद नाराज होकर अपने जान-पहचान के अन्य 03 व्यक्तियों को मध्य प्रदेश से साथ लेकर एक अन्य जान-पहचान के व्यक्ति से कार लेकर अंबिकापुर आया और घटना दिनांक को युवती को अपहरण करके ले जा रहा था।
इन आरोपियों को जेल भेजी पुलिस
रामप्रसाद तंवर 32 वर्ष निवासी भवानीपुरा थाना भोजपुर जिला राजगढ़ मध्य प्रदेश, लाल चंद्र पिता मदन लाल 26 वर्ष निवासी भौईकला थाना वालंता जिला जलावड मध्य प्रदेश, कमलेश तंवर पिता अमर सिंह 19 वर्ष निवासी राजगढ़ मध्य प्रदेश, भंवर लाल पिता राम सिंह 22 वर्ष निवासी विडीवैड थाना भोजपुर जिला राजगढ़ मध्य प्रदेश। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्वीफ्ट कार एवं 04 मोबाइल फोन जप्त किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से इन्हें जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में ये रहे सक्रिय
कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक सुभाष ठाकुर, प्रधान आरक्षक रविन्द्र नाथ तिवारी थाना मनेन्द्रगढ़, महिला आरक्षक प्रिया रानी, आरक्षक विकास सिंह, रमन मण्डल, घनश्याम देवांगन, राहुल सिंह, कुंदन पाण्डेय, अतुल शर्मा, अरविन्द उपाध्याय, ऋषभ सिंह सक्रिय रहे।

Spread the love