बिश्रामपुर। नगर के डीएवी पब्लिक स्कुल में विभिन्न कक्षाओं में अध्ययन कर रहे बच्चों की इस सत्र की बकाया फीस पटाने हेतु स्कूल प्रबंधन ने लिस्ट सार्वजनिक की है। लिस्ट में 15 जनवरी तक पूरी बकाया फीस पटाकर एडमिट कार्ड प्राप्त करने की बात लिखी गई है। जारी की गई लिस्ट में स्कूली बच्चों के साथ अभिभावकों के नाम भी लिखे गए हैं, जिसकी हेडिंग में बकाया फीस या पेंडिंग फीस लिस्ट लिखने की बजाए स्कुल प्रबंधन ने डिफाल्टर लिस्ट लिखकर अलग अलग व्हाट्सप्प ग्रुप में डालकर शनिवार को नाम सार्वजनिक कर दिए। जिसके कुछ ही देर बाद अभिभावकों में भारी नाराजगी देखने को मिली। डिफाल्टर लिस्ट हेडिंग लिखे जाने पर अभिभावकों ने कड़ा विरोध जताते हुए स्कुल प्रबंधन पर जानबूझकर बेइज्जत करने व नीचा दिखाने का आरोप लगाया है। हालांकि मामला तूल पकड़ने पर स्कुल प्रबंधन ने घटना का खंडन करते हुए सभी वाट्सऐप ग्रुपों में अपनी सफाई देते हुए मानवीय भूल बताकर माफी मांग ली है। गौरतलब है कि डीएवी पब्लिक स्कूल बिश्रामपुर की विभिन्न कक्षाओं की फीस साल की तीन किश्तों या तिमाही में ली जाती है। इस सत्र की भी यही प्रक्रिया रही है। फरवरी माह में होने वाली फाइनल परीक्षा होने से पहले 15 जनवरी तक सभी विद्यार्थियों की फीस जमा कराकर स्कुल प्रबंधन द्वारा एडमिट कार्ड जारी करना है। इसी हड़बड़ाहट में स्कुल प्रबंधन ने सभी कक्षाओं की स्कुल फीस बकायादारों की लिस्ट जारी कर त्रुटिवश डिफाल्टर लिखकर अभिभावकों के नाम सार्वजनिक कर दिए हैं। मामले में स्कुल प्रबंधन ने सफाई देते हुए अपना पक्ष रखा है लेकिन अभिभावकों की नाराजगी अभी कम नहीं हुई है। ज्ञात हो कि डीएवी पब्लिक स्कुल में इस सत्र की तिमाही स्कुल फीस पटाने की अंतिम तिथि 15 जनवरी रखी गई है, लेकिन अंतिम तिथि के पांच दिन पूर्व 10 जनवरी शनिवार को ही डिफाल्टर लिस्ट लिखकर अभिभावकों के नाम सार्वजनिक कर दिए गए, जिससे अभिभावकों में नाराजगी देखने को मिल रहा है। अभिभावकों के अनुसार अंतिम निर्धारित तिथि से पहले ही डिफाल्टर शब्द लिखकर नाम सार्वजनिक कर दिए गए, जो न्याय संगत नहीं है। बताया जा रहा है कि नाराज अभिभावक सोमवार को पेरेंट्स एसोसिएशन के सदस्यों के साथ स्कुल की प्राचार्या से भेंट करने पहुंचेगे। साथ ही उचित कार्यवाही हेतु एक लिखित शिकायत पत्र स्कुल के चेयरमैन महाप्रबंधक एसईसीएल बिश्रामपुर, जिला शिक्षा अधिकारी सूरजपुर एवं डीएवी मैनेजमेंट कमेटी दिल्ली को देने की बात कही जा रही है। इस संबंध में डीएवी पब्लिक स्कूल बिश्रामपुर की प्राचार्य अनामिका भारती ने कहा कि स्कुल फीस बकायादारों की सूची बनाने में ऑफिस क्लर्क द्वारा हेडिंग बनाने में टाइपिंग गलती हो गई है। स्कुल प्रबंधन का इरादा किसी भी अभिभावक की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं है। फाइनल परीक्षा के लिए सभी विद्यार्थियों को समय से एडमिट कार्ड जारी करना हमारा मकसद है। मानवीय भूल होने पर गलती सुधारकर ली गई है।

Spread the love