अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा 7 दिसम्बर को आयोजित होने वाली जल संसाधन विभाग अंतर्गत अमीन भर्ती परीक्षा 2025 के सुव्यवस्थित संचालन, पारदर्शिता बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने हेतु कलेक्टर विलास भोसकर की उपस्थिति में उड़नदस्ता दल एवं पर्यवेक्षकों को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर एवं परीक्षा के नोडल अधिकारी रामराज सिंह तथा संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने व्यापमं के दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और व्यापम के गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन करें। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो सतर्क रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें जांच उपरांत ही विधिवत परीक्षा हॉल में प्रवेश करने दे समय का विशेष ध्यान रखें। परीक्षार्थियों के हर गतिविधियों पर पैनी नजर रखें। नोडल अधिकारी रामराज सिंह द्वारा पर्यवेक्षक एवं उड़नदस्ता दल को सौंपी गई जिम्मेदारी के सम्बन्ध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि सरगुजा जिले अंतर्गत 56 परीक्षा केन्द्रों में लगभग 18,779 अभ्यर्थी शामिल होंगे। यह परीक्षा दोपहर 12 बजे से 2.15 बजे तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षार्थी हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश
व्यापम द्वारा जारी निर्देशानुसार परीक्षार्थी को परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम दो घंटे पूर्व परीक्षा केन्द्र में पहुंचना होगा, ताकि उनका फ्रिस्किंग एवं सत्यापन किया जा सके। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व अर्थात सुबह 11.30 बजे परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। परीक्षार्थी हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देंगे। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैगनी रंग व गहरे चॉकलेटी रंग का कपड़े पहनना वर्जित होगा। केवल साधारण स्वेटर (बिना पॉकेट) की अनुमति होगी। सुरक्षा जांच के समय स्वेटर को उतारकर सुरक्षा कर्मी से जांच कराना होगा। स्वेटर हेतु आधे बांह एवं हल्के रंग का बंधन नहीं है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा, उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरने उपरांत ही ऐसे पोशाक की अनुमति होगी। फुटवियर के रूप में चप्पल पहनना होगा, कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है। परीक्षा कक्ष में किसी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घडी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी ले जाना पूर्णत: वर्जित है। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा अभ्यर्थिता समाप्त की जाएगी। परीक्षार्थी परीक्षा केन्द्र में केवल काले या नीले बॉल पांइट पेन लेकर ही आना होगा।

Spread the love