अंबिकापुर। सूरजपुर जिला के ग्राम रेवटी से वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आए बारातियों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और वाहनों को क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने मामला शांत होने के बाद पुन: संगठित होकर बारातियों पर डंडे से हमला कर दिया, जिसमें कुछ लोग जख्मी हो गए।
जानकारी के मुताबिक बरियो पुलिस चैकी अंतर्गत ग्राम ककना निवासी गौरव जायसवाल पिता कृष्ण चन्द्र जायसवाल 26 वर्ष की बहन का विवाह 25 नवम्बर, मंगलवार को ग्राम सिधमा में था। जनवासा प्राथमिक शाला अतिरिक्त कक्ष अखोराकला में विवाह स्थल से लगभग 2 किलोमीटर दूर था। जनवासा से बारात यादव मोहल्ला के पास पहुंची तो गाजे-बाजे में नृत्य कर रही लड़कियों के साथ कुछ शराबी प्रवृत्ति के लोगों ने अभद्रता शुरू कर दी, जिसका विरोध बारात पक्ष द्वारा किया गया। इससे आवेशित होकर वे बारातियों से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने लगे। किसी प्रकार इन्हें शांत करने के बाद बाराती आगे बढ़े, इधर विवाह स्थल से लगभग 200 मीटर पहले आरोपी योजनाबद्ध तरीके से लाठी-डंडे से लैस होकर पहुंच गए। इसकी सूचना मिलने पर वह बीच-बचाव करते हुए इन्हें समझाने का प्रयास कर रहा था तभी अचानक पीछे से सिर में इन्होंने डंडे से वार कर दिया। यह देखकर बहन के ससुर संतोष गुप्ता बीच-बचाव करने के लिए दौड़े, तो उनके सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिसमें खून बहने लगा। घायल संतोष गुप्ता का उपचार होली क्रॉस अस्पताल अंबिकापुर में कराया गया। इसकी सूचना मिलने पर कुलदीप जायसवाल सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचने लगे, तो आरोपी भाग गए। इस दौरान दो आरोपियों को कुलदीप पहचान लिया। आरोपियों ने वाहन क्रमांक सीजी 04 एलटी 1571 स्वामी गौरव जायसवाल, वाहन क्रमांक जेएच 01 बीएफ 7059 स्वामी राकेश गुप्ता तथा वाहन क्रमांक सीज 30 एफ 4700 स्वामी नीरज गुप्ता का डंडे से वार करके शीशा तोड़ दिया। गौरव जायसवाल की रिपोर्ट पर पुलिस ने थाना राजपुर में आरोपियों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 115(2), 296, 3(5), 324, 351(2) का मामला दर्ज कर लिया है, और अग्रिम कार्रवाई कर रही है।

Spread the love