अंबिकापुर। अभिभावक को जानकारी दिए बिना नाबालिग को बहला-फुसलाकर शादी समारोह में नाचने के लिए ले जाने के मामला प्रकाश में आया है। लड़की के घर नहीं पहुंचने पर स्वजन खोजबीन शुरू किए तो वह दो अन्य सहेलियों के साथ ग्राम उदारी में मिली। गांधीनगर थाना पुलिस ने मामले में दो आरोपियों के विरूद्ध अपराध दर्ज किया है।
मूलत: ग्राम केपी में रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया है कि वह वर्तमान में पुलिस लाइन के पास बौरीपारा में रहकर मजदूरी करती है। साथ में उसकी लड़की भी रहती है, जो वर्तमान में कक्षा 10वीं में कन्या हाईस्कूल में पढ़ाई करती है। 27 नवम्बर को दिन में करीब 11 बजे वह अपने सहेली के घर जाने की बात कहकर निकली थी, इसके बाद घर नहीं लौटी। तलाश करने पर पता चला कि उसकी लड़की ग्राम उदारी में किसी के यहां शादी में नाचने के लिए गई है। इसका पता चलने पर वे लड़की को तलाशते ग्राम उदारी गए तो यहां उसकी लड़की व दो अन्य सहेलियां बसंत यादव और मनोज यादव के साथ मिले। पूछताछ करने पर वह बताई कि वह अपने सहेली के साथ नवापारा घूमने गई थी, उसी समय नवापारा के मनोज यादव व बसंत यादव उन्हें शादी में नाचने के लिए लेकर ग्राम उदारी ले गए। अभिभावकों को जानकारी दिए बिना नाबालिग को ले जाने के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।

Spread the love