अंबिकापुर। राजेश ज्वेलर्स रामानुजगंज में सितम्बर 2024 में दिन-दहाड़े हुई सबसे बड़ी डकैती की वारदात में शामिल आरोपियों को रामानुजगंज और बलरामपुर जिला पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया था। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज व एसपी बलरामपुर ने स्वयं पुलिस महकमे का मार्गदर्शन करते हुए डकैतों से सामान बरामद किया और न्यायालय में तत्काल चालान पेश करवाया। इधर न्यायालय की संपूर्ण कार्रवाई में तत्परता दिखाते हुए लगभग 14 माह में सभी आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
डकैती कांड में तत्काल मिले न्याय से समस्त स्वर्णकार समाज में हर्ष का माहौल है। इसी क्रम में स्वर्णकार वेलफेयर छत्तीसगढ़, सरगुजा स्वर्णकार समाज एवं सर्राफा एसोसिएशन सरगुजा के पदाधिकारियों ने सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा से मिलकर बलरामपुर पुलिस के द्वारा की गई कार्रवाई की सराहना की और साल, श्रीफल से सम्मानित करके आभार व्यक्त किया। इस दौरान स्वर्णकार वेल्फेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. डीके सोनी, उपाध्यक्ष राजेश सोनी, कोषाध्यक्ष अखिलेश सोनी, सरगुजा स्वर्णकार समाज के सचिव निलेश सोनी, उपाध्यक्ष गोप सोनी, शालिग्राम सोनी, दीपक सोनी, नवनीत सोनी, सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश सोनी हरिओम, हैप्पी सोनी, राजेश सोनी गहना ज्वेलर्स, सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Spread the love