विधायक प्रबोध मिंज सहित जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर स्पेशल ट्रेन को किया रवाना
अंबिकापुर। श्री रामलला दर्शन (अयोध्या धाम) योजना के अंतर्गत सरगुजा संभाग के 850 श्रद्धालु तीर्थयात्री बुधवार को अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए। अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में तीर्थयात्रियों की विशेष ट्रेन को लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज सहित जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर स्पेशल ट्रेन को रवाना किया। इस अवसर पर महापौर मंजूषा भगत, नगर निगम के सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों ने सभी यात्रियों को सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
उप संचालक समाज कल्याण एवं नोडल अधिकारी व्ही.के. उईके ने बताया कि जिले से कुल 170 तीर्थयात्री इस यात्रा में सम्मिलित हैं। इनमें नगर निगम अंबिकापुर से 30, नगर पंचायत सीतापुर से 7, लखनपुर से 7, जनपद पंचायत अंबिकापुर से 18, लखनपुर से 18, उदयपुर से 18, बतौली से 18, मैनपाट से 18, सीतापुर से 18 तथा लुण्ड्रा से 18 श्रद्धालु शामिल हैं। यात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं देखभाल हेतु जिले से अनुरक्षक दल भी उनके साथ भेजा गया है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भोजन, आवास एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यह विशेष ट्रेन 15 नवम्बर को वापस अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इस अवसर पर पर्यटन अधिकारी आशीष वर्मा, आईआरसीटीसी एवं रेलवे विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
विशेष बस से पहुंचे श्रद्धालुओं ने कहा-मुख्यमंत्रीजी धन्यवाद
जशपुर जिले के फरसाबहार में रहने दर्शानार्थी दिनेश ने कहा कि अयोध्या धाम जाने की हमारी इच्छा तो बहुत पहले से थी, पर अवसर नहीं मिल पा रहा था। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से ‘रामलला दर्शन योजनाÓ के तहत अब यह संभव हुआ। हमें बहुत खुशी है कि सरकार ने यात्रा, भोजन और रहने की इतनी अच्छी व्यवस्था की है। हमें विशेष बस से लाया गया, रास्ते में नाश्ता, पानी और भोजन सब फ्री मिला है। मुख्यमंत्री को इसके लिए दिल से धन्यवाद। जशपुर जिले के कुनकुरी ब्लॉक की रहने वाली संगीता सिंह ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि आज हमें रामलला का दर्शन करने का अवसर मिला। हमने सोचा भी नहीं था कि कभी अयोध्या जा पाएंगे। यह हमारे जीवन का सबसे सुखद क्षण है। खाने-पीने और रहने की सुविधा बहुत बढ़िया है। बलरामपुर जिले के राजपुर ब्लॉक निवासी सुभाषचन्द्र जायसवाल ने कहा कि हमारा सपना एक बार अयोध्या जाकर रामलला का दर्शन करने का था। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की इस योजना से आज वह सपना पूरा हो गया। हमें यात्रा में बहुत सम्मान और सुविधा दी गई है, भोजन, पानी और सुरक्षा की व्यवस्था बहुत सुंदर है। बुजुर्गों के लिए यह योजना वरदान जैसी है, इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताया।

Spread the love