अंबिकापुर। थाना सीतापुर अंतर्गत जमीन विवाद के कारण पिता की लकड़ी के फाड़ी से गंभीर चोट पहुंचाकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का फाड़ी और स्कूटी जप्त किया है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम गुतुरमा निवासी जीत राम अचगले ने 10 नवम्बर को थाना सीतापुर में रिपार्ट दर्ज कराया था कि वह खेती-किसानी का काम करता है। उसका बड़ा भाई नेतराम अपने परिवार के साथ अंबिकापुर में रहता है, पिता रूपधर अचगले उसके साथ रहते थे। मृतक का बड़ा भाई नेतराम अचगले 10 नवम्बर को अपनी पत्नी के साथ अंबिकापुर से गुतुरमा आया था और अपने साढ़ू गोपाल राम के यहां रुका था। इस दौरान जीत राम अपने पिता रूपधर अचगले को दोपहर 2 बजे सब्जी बेचने के लिए गुतुरमा चौक, हटरी में पहुंचाया था। नेतराम अचगले को गुतुरमा बाजार हटरी व घर के आसपास दो-तीन बार आते-जाते देखा था। शाम 6.30 बजे प्रार्थी अपने घर में था। इसी दौरान मनोज अचगले घर आकर बताया कि बाबा रूपधर अचगले को कोई मार दिया है। इसकी सूचना मिलने पर स्वजन घर के सामने जाकर देखे तो रूपधर अचगले रोड के पास मृत हालत में पड़ा था। मौके पर सायकल और सब्जी का कैरेट गिरा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रूपधर अचगले को नेतराम मारा है, और स्कूटी से भाग गया है। पूछताछ में सामने आया कि मृतक को उसका बड़ा लड़का नेतराम जमीन विवाद को लेकर रंजिश रखते हुए लकड़ी के फारी से सिर में वार करके हत्या कर दिया है। रिपोर्ट पर थाना सीतापुर में धारा 103(1) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने विवेचना में लिया, और आरोपी नेतराम अचगले 55 वर्ष को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश कर दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी सीतापुर निरीक्षक सी.आर. चंद्रा, उप निरीक्षक रघुनाथ राम भगत, सहायक उप निरीक्षक अरुण गुप्ता, आरक्षक राकेश यादव, महेन्द्र नाग, धनकेश्वर यादव, जगन्नाथ कुजूर सक्रिय रहे।  

Spread the love