00 पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष ने की विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष आर.एस. विश्वकर्मा तथा सदस्यगण यशवंत सिंह वर्मा, बलदाऊ राम साहू, हरिशंकर यादव एवं कृष्णा गुप्ता के द्वारा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आयोग के अध्यक्ष ने छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग की कार्यप्रणाली की जानकारी दी और विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के हितों से संबंधित विषयों की समीक्षा की।
बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ावर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण, अक्षय ऊर्जा अभिकरण, मनरेगा, पशु चिकित्सा सेवाएं, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, उद्यानिकी, मत्स्य, आदिवासी विकास, कौशल विकास, खाद्य, उद्योग व्यापार केंद्र सहित कई विभागों की योजनाओं  और इनसे पिछड़ावर्ग के लाभान्वित हो रहे हितग्राहियों की जानकारी ली।अध्यक्ष श्री विश्वकर्मा ने कहा कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि पिछड़ा वर्ग के अधिक से अधिक लोग शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए गांव-गांव भ्रमण करें, जनता से संवाद स्थापित करें तथा समस्याओं का त्वरित निराकरण करें।अध्यक्ष श्री विश्वकर्मा ने जिले में ओबीसी विद्यार्थियों के लिए के छात्रावास निर्माण हेतु प्रस्ताव भेजेने के निर्देश दिए।
जिला शिक्षा अधिकारी ने  साइकिल वितरण, बीमा योजना एवं छात्रवृत्ति सहित अन्य योजनाओं के अंतर्गत पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को मिले लाभ की जानकारी दी। इस दौरान अध्यक्ष श्री विश्वकर्मा ने स्कॉलरशिप योजना को सभी पात्र विद्यार्थियों को समान रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।अध्यक्ष श्री विश्वकर्मा द्वारा कृषि, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन तथा उद्यानिकी विभागों द्वारा पिछड़ा वर्ग के हितग्राहियों को लाभान्वित किए जाने की जानकारी ली गई एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। साथ ही पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने पर बल दिया गया।अध्यक्ष श्री विश्वकर्मा ने कहा कि पिछड़ा वर्ग के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और बौद्धिक स्तर के उन्नयन के लिए ठोस प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने जाति प्रमाणपत्र निर्माण के दौरान नॉन क्रीमी और क्रीमी लेयर के प्रावधानों का पालन करने पर जोर दिया।उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि पिछड़ा वर्ग के लोग कुछ चिन्हित व्यवसायों में सहकारी समितियां बनाकर सामूहिक रूप से कार्य करें, जिससे समाज के समग्र विकास एवं आर्थिक सशक्तिकरण को बल मिलेगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे तकनीकी ज्ञान बढ़ाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनें।
00 समाज प्रमुखों से की मुलाकात
बैठक के बाद पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष  आर.एस. विश्वकर्मा ने पिछड़ा वर्ग के समाजों के प्रमुखों से मुलाकात कर समाज की समस्याओं, कल्याणकारी योजनाओं और विकास के उपायों पर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर आयोग के सदस्यगण भी उपस्थित रहे।
अध्यक्ष श्री विश्वकर्मा ने समाज प्रतिनिधियों से सामुदायिक भवन, बच्चों की शिक्षा के स्तर एवं समाज द्वारा विद्यार्थियों के कल्याण की दिशा में किए जा रहे उपायों  की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अन्य समाजों द्वारा किए जा रहे अच्छे पहल से सीख लेकर पिछड़ा वर्ग को भी अपने आर्थिक और सामाजिक उन्नयन की दिशा में कार्य करना चाहिए।उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग को विकसित समाज बनाने के लिए सभी को मिलजुलकर, समग्र दृष्टिकोण से कार्य करना होगा। इसके लिए सामूहिक योजना बनाकर यह तय किया जाए कि किन-किन क्षेत्रों में पिछड़ा वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए योजनाएं चलाई जा सकती हैं।“हमें अपनी मानसिकता में परिवर्तन लाना होगा। राज्य के बाहर के लोग यहां आकर व्यवसाय कर रहे हैं, जबकि हमारे समाज के लोग संसाधनों के बावजूद पिछड़े हैं। हमें अपने संसाधनों का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनना होगा।” उन्होंने कृषि, पशुपालन, उद्यमिता एवं कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं जैसे पीएम विश्वकर्मा योजना के बारे में समाज के लोगों को अधिक से अधिक जानकारी देने के निर्देश दिए।बैठक में विभिन्न  समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि निचले तबके के लोगों तक योजनाओं की जानकारी ठीक से नहीं पहुंच पाती, जिससे वे जागरूक नहीं हो पाते। इस पर अध्यक्ष ने कहा कि सोशल मीडिया और इंटरनेट के माध्यम से योजनाओं की जानकारी वर्ग के लोगों को ली जानी चाहिए। उन्होंने विभिन्न समाज संगठनों के लिए वर्कशॉप और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी जिले के अधिकारियों को दिए, ताकि युवाओं और हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी दी जा सके।इस दौरान बैठक में विभिन्न समाज प्रमुखों ने भी अपनी मांगें रखीं।  कुशवाहा समाज के प्रतिनिधि सुनिल कुमार कुशवाहा ने समाज के युवाओं के उन्नयन की आवश्यकता पर बल देते हुए जिला स्तरीय सामुदायिक भवन की मांग की। सर्व यादव समाज के प्रतिनिधियों ने ओबीसी आरक्षण को लेकर अपनी बात रखी और गौधाम योजना में यादव समाज को प्राथमिकता देने की मांग की। नाई (सेन) समाज के प्रतिनिधि नरेंद्र ठाकुर एवं बसंत लाल ठाकुर ने कौशल विकास हेतु वर्कशॉप और प्रशिक्षण केंद्र खोलने की मांग की। कुम्हार समाज के प्रतिनिधि दिनेश कुमार प्रजापति ने भी समाज की समस्याएं रखते हुए योजनाओं से अधिक लाभ दिलाने का आग्रह किया। कई समाज प्रतिनिधियों ने पीएससी और व्यापम परीक्षा केंद्र जिले में स्थापित करने की मांग की, ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा देने में सुविधा हो।समाज प्रमुखों द्वारा छात्रावास की स्थापना और पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए अधिक छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। अध्यक्ष श्री विश्वकर्मा ने सभी समाजों की बातों को गंभीरता से सुना और कहा कि आयोग स्तर पर इन मांगों को शासन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि “पिछड़ा वर्ग का उत्थान तभी संभव है जब समाज के लोग एकजुट होकर अपने विकास की दिशा स्वयं तय करें।”

Spread the love