बिश्रामपुर। संयुक्त कोयला मजदूर संघ एटक के नेतृत्व में गायत्री खदान के ठेका श्रमिकों द्वारा बोनस वितरण में देरी और अपर्याप्त कार्य दिवस के विरोध में आज गायत्री भूमिगत खदान में अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर खान प्रबंधक कार्यालय का घेराव किया कर प्रदर्शन किया गया। ठेका श्रमिकों द्वारा ज्ञापन में मांग किया गया है कि दीपावली से पूर्व बोनस वितरण किया जाए। ठेका श्रमिकों का आरोप है कि कोल इंडिया द्वारा घोषित 8.33 प्रतिशत बोनस राशि के दीपावली से पूर्व वितरण को लेकर स्थानीय प्रबंधन और ठेकेदार गंभीर नहीं हैं, जिससे पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी भुगतान में विलंब होने की संभावना है। श्रमिकों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा उन्हें महीने में 26 दिन के बजाए केवल 10-15 दिन ही कार्य दिया जा रहा है। संयुक्त कोयला मजदूर संघ एटक के क्षेत्रीय सचिव पंकज गर्ग ने कहा कि क्षेत्रीय प्रबंधन और ठेकेदार ने बोनस वितरण सुनिश्चित करने के लिए अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने प्रबंधन से जल्द ही कार्रवाई करते हुए दीपावली से पहले बोनस वितरण सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि खदान में आवश्यकता से अधिक ठेका श्रमिकों को बाहर से लाकर काम पर रखा गया है, जिसके कारण पहले से कार्यरत श्रमिकों को पर्याप्त काम नहीं मिल रहा है। महीने में मात्र 10-15 दिन काम मिलने के कारण ठेका श्रमिकों की आर्थिक स्थिति पर बुरा असर पड़ रहा है, जिससे उनमें रोष व्याप्त है। यदि प्रबंधन उनकी मांगों पर जल्द कोई उचित कदम नहीं उठाता है, तो वे आंदोलन को और तेज करते हुए क्षेत्रीय महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव करेंगे। आंदोलन को वीसी जैन और अन्य ठेका मजदूरों ने भी संबोधित कर प्रबंधन से तत्काल मांगों पर कार्रवाई करने का आह्वान किया है। 

ReplyForwardAdd reaction
Spread the love