मामला भटगांव एसईसीएल का, अंधेरे का फायदा उठाकर 5 लाख का कीमती सामान लेकर भागे
अंबिकापुर। सूरजपुर जिला अंतर्गत भटगांव एसईसीएल के वर्कशॉप में सेंध लगाकर चोर करीब 5 लाख रुपये का कीमती सामान चोरी करके ले गए। सुरक्षा कर्मियों ने इन्हें दौड़ाकर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए। सुरक्षा कर्मियों ने कीमती सामान लेकर आदतन चोरों को पहचाना है, और इसकी रिपोर्ट भटगांव थाने में दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक राजेश कुमार पिता स्व. रामाश्रय, निवासी जरही, एस.ई.सी.एल. भटगांव में सुरक्षा प्रभारी के पद पर पदस्थ है। चार सितम्बर को रात्रि पहर में वह अन्य सुरक्षाकर्मी सुरेश कुमार, वेद प्रकाश के साथ रात्रि 10 बजे से 5 सितम्बर को सुबह 6 बजे के बीच पेट्रोलिंग ड्यूटी कर रहा था। देर रात करीब 2 बजे भटगांव 3-4 एस.ई.सी.एल. वर्कशॉप के पास लोहे के टकराने की आवाज सुनकर सहयोग सुरक्षाकर्मियों के साथ वे चुपचाप वर्कशॉप तक पहुंचे तो अंदर लाइट जल रहा था। वर्कशॉप के दिवाल व बाहर के बाउंड्री में सेंध लगाकर कुछ व्यक्ति वर्कशॉप के अंदर घुसे थे और वहां रखे मशीनरी, लोहे का कीमती सामान, तांबे का केबल चोरी करके बाहर ले जा रहे थे। सुरक्षाकर्मियों ने अंदर मौजूद चोरों फुकली उर्फ सहजाद, मुनई राजवाड़े उर्फ सोनू, राजन यादव उर्फ सोनू, शुभम उर्फ गधा को पहचाना, इसके अलावा दो अन्य व्यक्ति थे, जो पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुके हैं। सुरक्षाकर्मी इनके नजदीक जाने का प्रयास किए, तो सभी चोर सामान लेकर नर्सरी की ओर तरफ भागने लगे, जिन्हें दौड़ाकर पकड़ने का इन्होंने प्रयास किया, अंधेरा होने के कारण वे भागने में सफल हो गए। इसकी सूचना अधिकारियों को देने के बाद सुबह उजाला होने पर वर्कशॉप के अंदर रखे सामानों का मिलान किया गया, तो पीटी बाक्स 5 नग कीमत 2 लाख रुपये, एसडीएल मशीन का बेयरिंग 6 नग, कीमत 1 लाख 20 हजार रुपये, इलेक्ट्रिक तांबे का केबल करीब 20 मीटर, कीमत 30 हजार रुपये, एसडीएल मशीन का गेयर बॉक्स 1 नग कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये, कुल 5 लाख रुपये का सामान चोर अपने साथ ले गए। प्रथम सूचना रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।

Spread the love