0 कलेक्टर ने की डिजिटल क्रॉप सर्वे और लंबित आवेदनों की गहन समीक्षा

सूरजपुर। संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में

कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर एग्रीस्टैक पंजीयन, बकेट क्लेम, डिजिटल क्रॉप सर्वे तथा अनुविभाग और तहसीलवार राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आमजन से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।तहसीलवार एग्रीस्टैक पंजीयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने भारत सरकार के निर्देशानुसार जिले के सभी पात्र किसानों का पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बताया कि पंजीयन से किसानों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। इस कार्य में शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति बढ़ाने के लिए उन्होंने नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों और मैदानी अमले से निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा। उन्होंने कहा कि कार्यों की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा भी की जाएगी। बैठक में फौती नामांतरण, सीमांकन, डायवर्सन, त्रुटि सुधार सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की अनुविभाग एवं तहसीलवार समीक्षा की गई। कलेक्टर  ने लंबित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने और समय-सीमा के बाहर लंबित सभी प्रकरणों को शत-प्रतिशत निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी कोई भी प्रकरण निर्धारित समय-सीमा के बाहर लंबित न हो। कलेक्टर ने जनदर्शन और समय-सीमा के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निराकरण में भी तेजी लाने को कहा। उन्होंने कहा कि आवेदनों के निराकरण में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अपर कलेक्टर  जगन्नाथ वर्मा, डिप्टी कलेक्टर  रमेश मोर, सभी एसडीएम, तहसीलदार  एवं नायब तहसीलदार उपस्थित थे।

Spread the love