विकास कार्यों की समीक्षा करके 74 ग्राम पंचायतों के सचिवों एवं रोजगार सहायकों को दिए आवश्यक निर्देश
अंबिकापुर। जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव ने आकांक्षी विकासखंड लखनपुर के दूरस्थ ग्राम पंचायतों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, वीबीआर, मनरेगा, आजीविका, पोषण एवं अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विकास कार्यों में आवश्यक प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत लैगा एवं बगदर्री में प्रधानमंत्री आवास योजना, वीबीआर एवं वीबी जी राम जी के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों का अवलोकन किया गया। मनरेगा एवं एनआरएलएम के अभिसरण से निर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों का भी निरीक्षण किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से गृहभेंट कर आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली गई तथा आवासों का निर्माण शीघ्र पूर्ण करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। सीईओ ने बगदर्री स्थित महुआपारा आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। यह केंद्र आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। रोमा श्रीवास्तव ने केंद्र में दर्ज बच्चों की संख्या एवं उनकी उपस्थिति की जानकारी ली तथा बच्चों से संवाद कर उनकी गतिविधियों के बारे में जाना। उन्होंने सेक्टर सुपरवाइजर एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से केंद्र की व्यवस्थाओं और आ रही समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों के विकासखंड के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में हरी साग-सब्जियों की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत लखनपुर खुशबू शास्त्री, मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी, आरईएस एसडीओ, प्रधानमंत्री आवास योजना बीसी, एबीपी फेलो, एनआरएलएम की जिला टीम से डीएम एवं डीपीएम तथा जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
निम्हा बालक छात्रावास में विद्यार्थियों से किया संवाद
ग्राम निम्हा स्थित बालक छात्रावास का निरीक्षण कर छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए उनके खान-पान, आवासीय व्यवस्था, दैनिक दिनचर्या एवं अध्ययन संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने छात्रावास अधीक्षक से शासन द्वारा निर्धारित मेनू एवं समय-सारणी के अनुसार विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही खाद्य सामग्री एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
तीन एकड़ में खीरे की खेती का निरीक्षण
ग्राम बगदर्री स्थित सीएलएफ क्षेत्र में लखपति दीदी द्वारा लगभग 3 एकड़ क्षेत्र में की जा रही खीरे की खेती का निरीक्षण किया गया। जिला सीईओ ने खेती की प्रक्रिया, उत्पादन, बाजार, सप्लाई व्यवस्था एवं इससे होने वाली आय की जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित महिलाओं एवं स्व-सहायता समूह की सदस्यों को कृषि आधारित एवं अन्य लाभदायक आजीविका गतिविधियों से जुड़कर आय बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यकर्ताओं को प्रत्येक माह सीएलएफ की बैठक में लखपति दीदियों की बैठक आयोजित करने तथा उनकी आजीविका गतिविधियों की नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आजीविका गतिविधियों का लिया जायजा
इसके बाद ग्राम कुंवरपुर में सीएलएफ से संबंधित विभिन्न आजीविका गतिविधियों का निरीक्षण किया गया। यहां संचालित पोल्ट्री फार्म, एलएससी केंद्र एवं श्री छेरी बैंक की गतिविधियों की जानकारी ली गई। संबंधित कार्यकर्ताओं एवं कर्मचारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति पर चर्चा की गई। बिनकरा में अटल डिजिटल सेवा केंद्र का निरीक्षण करने के दौरान नेटवर्क संबंधी समस्या सामने आने पर संबंधित अधिकारी को समस्या का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने 74 ग्राम पंचायतों के सचिवों एवं रोजगार सहायकों की समीक्षा की। तालाबों के गहरीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य को प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए।

Spread the love