जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर एक मंच से सर्वधर्म गुरुओं ने दिया अमन और भाईचारे का पैगाम

अंबिकापुर। मुस्लिम समाज के प्रवर्तक पैगंबर मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को शहर में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का त्योहार पूरी शिद्दत, श्रद्धा, शालीनता व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शहर के विभिन्न मोहल्लों से जुलूस निकलकर मुख्य मार्ग से होते हुए कला केंद्र मैदान पहुंचा। सीरतुन्नबी कमेटी अंबिकापुर द्वारा कला केंद्र मैदान में भव्य, शानदार और गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें शहर के सभी धर्म, संप्रदाय, वर्ग के प्रबुद्धजन, धार्मिक गुरुओं सहित बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं तथा वक्ताओं ने संबोधित किया। ईसाई समाज के प्रमुख धर्मगुरु बिशप स्वामी डॉक्टर एंथोनी बड़ा, सिख समाज के वक्ता हरदीप सिंह जिंदल, हिंदू धर्म के वक्ता अंजनी कुमार पांडे तथा मुस्लिम समाज के धर्मगुरु मौलाना सगीर मिस्बाही और मौलाना हमीद रजा ने हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जीवन पर प्रकाश डाला। धर्मगुरूओं ने कहा कि जब दुनिया में बुराई का अंधेरा छाया था, ऐसे प्रतिकूल माहौल में पैगंबर साहब का जन्म हुआ। उन्होंने मानवता, अहिंसा, महिला अधिकार, लोकतंत्र, समाजवाद और न्याय के साथ खड़े होने का और इंसाफ का संदेश दिया। उन्होंने दूसरे धर्म का सम्मान करने, अनुशासन, सौम्यता, उदार और ईमानदार होने की सीख दी। वक्ताओं ने कहा महात्मा गांधी और नेल्सन मंडेला जैसी हस्तियों ने भी स्वीकार किया कि, वे मोहम्मद साहब के बताए मार्ग पर चलकर आगे बढ़े। वक्ताओं ने देश प्रेम पर जोर देते हुए कहा देश प्रेम आधा ईमान है, जो देश का नहीं वह नबी साहब का नहीं हो सकता। कार्यक्रम को सफल बनाने में कमेटी के हाजी रहमत खान,यासीन अंसारी,पार्षद हसन खान, अख्तर सिद्दीकी, बाबर इदरीशी , शादाब आलम रिज़वी, हाजी अख्तर, मो.जाकिर, सादिक खान, कमाल खान, गुलशेर खान, साबिर मुन्ना, अशफाक कमर, सलमान इंजीनियर, हाजी रिजवान, मो.वसीम का उल्लेखनीय योगदान रहा। इस अवसर पर शफी अहमद, मोहम्मद इस्लाम, इर$फान सिद्दीकी, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, अशफाक अली, रशीद अंसारी, दानिश रफीक, नगर पालिक निगम के सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, विद्यानंद मिश्रा, संजय अंबष्ट, द्वितेंद्र मिश्रा, आलोक दुबे, संजय मितल, प्रकाश, रियाजुल, जिलानी खान, इसरार अहमद, सादिक हुसैन, तनवीर, सनउवर हुसैन, तनवीर, सिकंदर, इरफान, हनीफ, मुजीबुल रहमान, सद्दाम खान, जमाल खान, आरजू, नसीम, खान, कलाम, अविनाश, दुर्गेश गुप्ता सहित काफी संख्या में सर्वधर्म के लोगों की उपस्थिति रही।
सांप्रदायिक सद्भावना की अनोखी मिसाल
सभा को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सरगुजा के पूर्व उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि सीरतुन्नबी कमेटी द्वारा प्रतिवर्ष सांप्रदायिक सद्भावना की जो मिसाल पेश की जाती है, वह अनोखी है। सभी वर्गों को शामिल कर शहर के आपसी भाईचारा और समरसता को मजबूती देना सराहनीय है। स्वागत भाषण कमेटी के अध्यक्ष मेराज गुड्डू, संचालन फैजान अहमद और आभार प्रदर्शन कार्यकारी अध्यक्ष नियाजउद्दीन खान निक्की द्वारा किया गया।
प्रतिभाओं का किया गया सम्मान
इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, बॉक्सिंग, हैंडबॉल, शूटिंग, कुश्ती तथा कैरम में जिला और राज्य में अंबिकापुर का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों, यूपीएससी और सीजीपीएससी में सफलता हासिल करने वाले युवाओं को सम्मानित किया गया। समाज सेवा में सराहनीय कार्य के लिए रजा यूनिटी फाउंडेशन, गौ सेवा मंडल तथा मुस्लिम युवा मंच सहित शहर के सभी मदरसों के होनहार छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले दो सदस्य मसूद आलम तथा फैजान अहमद और विभिन्न मोहल्लों की सजावट में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान पाने वाली कमेटियों को भी सम्मानित किया गया।
बाक्स
बटवाही में निकला जुलूसे मोहम्मदी, अंजुमन गोसिया कमेटी के नेतृत्व में गूंजे नारे
फोटो-7
लुण्ड्रा। पैगम्बर हजरत मोहम्मद के जन्मदिन के अवसर पर मनाए जाने वाले ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के मौके पर सरगुजा जिले के लुण्ड्रा जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बटवाही में धार्मिक श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। अंजुमन गोसिया कमेटी के तत्वावधान में भव्य जुलूसे मोहम्मदी निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में अहले सुन्नत के लोगों ने शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
जुलूस की शुरुआत बटवाही स्थित मस्जिद से हुई। जुलूस मिशन चौक होते हुए बस स्टैंड रघुनाथपुर, पुलिस चौकी और सुमेरपुर तक पहुंचा। इस दौरान लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद के जीवन, उनके आदर्शों और शिक्षाओं को याद किया। कार्यक्रम के दौरान मिलाद महफिल और सीरत सम्मेलन का भी आयोजन किया गया, जिसमें पैगंबर की शिक्षाओं और मानवता, भाईचारे एवं सद्भाव का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में इमाम उमर नूरानी, सदर मो. ताहिर हुसैन, हाफिज सफीक कादरी, मो. इसराइल अंसारी, मो. हैदर अली, मो. असलम खान, मो. मुजफ्फर चिश्ती, मो. मजीबुल्लाह अंसारी, मो. मुस्ताक अंसारी, मो. इसराफिल अंसारी, सहबूब अंसारी, मौलवी युसूफ, मो. अख्तर, इकरामुल, मो. फिरोज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
पुलिस की रही कड़ी सुरक्षा
जुलूस को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। स्थानीय पुलिस चौकी प्रभारी आर.एन. पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Spread the love