अंबिकापुर। रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद कुल्हाड़ी से किए गए हमले में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, जशपुर जिला के लोदाम थाना अंतर्गत ग्राम चरईडांड का बुधराम पिता जिरकू मुण्डा 45 वर्ष गांव के सरपंच अशोक एक्का के बागान में काम करने के लिए बीते 18 अगस्त को गया था। यहां बाबूलाल तिर्की नामक एक व्यक्ति से उसका रुपये के लेनदेन की बात को लेकर विवाद हुआ। अगले दिन सुबह शराब के नशे में धुत बाबूलाल ने बुधराम को समझौता के नाम पर अपने घर में बुलाया। इस दौरान बाबूलाल पुरानी बातों को लेकर उस पर टांगी से हमला कर दिया, जिसमें वह जख्मी हो गया था। इसकी जानकारी मिलने पर स्वजन उसे घायल अवस्था में लोदाम थाना लेकर गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी थी। पुलिस ने युवक को आई चोटों को देखते हुए तत्काल लोदाम अस्पताल भेजा। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद स्वजन उसे घर ले आए थे, और आवश्यक उपचार सुविधा उपलब्ध करा रहे थे। बीते शुक्रवार को उसकी तबियत अचानक बिगड़ गई और जशपुर जिला अस्पताल लेकर गए। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर उपचार के लिए उसे रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज संबद्ध अस्पताल अंबिकापुर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम करके मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है।

Spread the love