अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र के गोधनपुर स्थित आस्था मैरिज हॉल के गोदाम में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने छत का एस्बेस्टस तोड़कर गोदाम में प्रवेश किया और 22 साल पुराना टेंट का सामान चोरी कर ले गए।
जानकारी के मुताबिक, बृजेश सरदार निवासी सरगवां सरकारी सुअर फार्म ने बताया कि वे वर्ष 2004 से गोधनपुर में राजेश टेंट हाउस के नाम से आस्था मैरिज हॉल में टेंट का कारोबार करते आ रहे हैं, उसका सामान गोदाम में रखा था। 07 अगस्त को दोपहर करीब 03.30 बजे वे मैरिज हॉल से गोधनपुर हनुमान मंदिर के समिति वालों को भंडारा के लिए किराए में कढ़ाई, कुर्सी, चौकी देकर गोदाम का ताला बंद करके वे वापस घर आ गए थे। 09 अगस्त को शाम 06 बजे के लगभग अपने वाहन से गोदाम में किराए पर दिया हुआ सामान वापस रखने गए और गोदाम का ताला खोलकर अंदर घुसे तो गोदाम में रखा वर्ष 2004 में खरीदा हुआ एल्युमीनियम का गंज 30 नग, गंज का ढक्कन 18 नग, परात 08 नग, एल्युमीनियम के छोटे बर्तन 42 नग नहीं थे। गोदाम का दूसरा गेट अंदर से टूटा हुआ मिला। चोर छत पर लगे एसबेस्टस को तोड़कर अंदर घुसे और पुराने बर्तनों को चोरी करके ले गए। आसपास तलाश करने के बाद भी सामान का पता नहीं चलने पर मैरिज हॉल के संचालक ने गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले में अग्रिम जांच कार्रवाई कर रही है।

Spread the love