अंबिकापुर। माता सुंदरी पब्लिक स्कूल, रायपुर में आयोजित तृतीय सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर गतका राज्य स्तरीय प्रतियोगिता-2026 में द गतका एसोसिएशन ऑफ सरगुजा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता द गतका एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के तत्वावधान एवं गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया की संबद्धता में आयोजित की गई थी। सरगुजा जिले के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्ग एवं विधाओं में कुल 35 पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
द गतका एसोसिएशन ऑफ सरगुजा के पदाधिकारी बलविंदर सिंह छाबड़ा ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सरगुजा जिले में गतका खेल का और अधिक विस्तार किया जाएगा। जिले के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि सरगुजा के खिलाड़ी इसी तरह राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करते रहें। प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ियों को खिलाड़ियों एसोसिएशन के पदाधिकारियों, दशमेश पब्लिक स्कूल परिवार एवं अन्य खेलप्रेमियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सरगुजा जिले की टीम का नेतृत्व राजेश प्रताप सिंह, रजत सिंह, कृष्ण एक्का, आकाश कश्यप एवं प्रिया जायसवाल ने किया।
80 खिलाड़ियों ने किया प्रदर्शन
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि सरगुजा जिले से कुल 80 खिलाड़ियों ने विभिन्न विधाओं में भाग लिया। खिलाड़ियों ने टीम सोटी एवं टीम फरी सोटी के साथ-साथ व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि गतका खेल के प्रचार-प्रसार एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए दशमेश स्कूल परिवार ने विशेष सहयोग प्रदान किया।

Spread the love